Weather Update: यूपी में बिगड़ने वाला है मौसम का मिजाज, झमाझम बारिश के आसार बने

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम अगले 72 घंटों में अस्थिर रहने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) 23 जनवरी तक पूर्वी यूपी तक पहुंचेगा, जिसके बाद प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश की संभावना है। इस दौरान कोहरे से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन ठंड का असर बढ़ सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवा की दिशा में बदलाव और आसमान साफ होने से बीती रात प्रदेश के पश्चिमी और मध्यवर्ती हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी यूपी में तापमान में गिरावट आगामी 24 घंटों तक जारी रहेगी, जबकि पूर्वांचल में अगले 48 घंटों में धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में कमी आएगी। बावजूद इसके अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक या इसके आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 22 जनवरी की रात से बारिश शुरू हो सकती है और 23 जनवरी तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में व्यापक वर्षा देखने को मिल सकती है। 24 जनवरी को बारिश में कमी आएगी और 25 जनवरी से मौसम शुष्क होने लगेगा।

विशेषज्ञों का अनुमान है कि 22-24 जनवरी के दौरान न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है, जिससे फिलहाल प्रदेश में ठंड से थोड़ी राहत बनी रहेगी। वहीं, 24-26 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में फिर 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। 26 जनवरी से अगले पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है।
