इटली से फ्रांस तक साइक्लोन हैरी का कहर, रिकॉर्ड बारिश और 32 फीट ऊंची लहरों से भूमध्यसागर में तबाही

नई दिल्ली। भूमध्यसागर में उठा साइक्लोन हैरी इटली से लेकर फ्रांस तक भीषण तबाही का कारण बन गया है। इस हफ्ते तूफान ने सिसिली समेत कई द्वीपीय और तटीय इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से कई शहर जलमग्न हो गए, जबकि समुद्र में उठीं ऊंची और बेहद तेज लहरों ने तटीय बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया है।
तूफान हैरी के प्रभाव से भूमध्यसागर के किनारे बसे इलाकों में गंभीर बाढ़ की स्थिति बन गई। कई सड़कें टूट गईं, तटवर्ती इलाके जलभराव से जूझते नजर आए और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। इटली, माल्टा, स्पेन और फ्रांस में एक साथ रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में यातायात और समुद्री आवाजाही प्रभावित रही। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बाढ़, उफनते समुद्र और तबाह सड़कों की भयावह तस्वीरें साफ देखी जा सकती हैं।
तटीय इलाकों में हाई अलर्ट, यात्रा बाधित
तूफान के गुजरने के दौरान प्रभावित देशों में आपातकालीन एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया। भारी बारिश और समुद्री लहरों के चलते माल्टा, इटली, स्पेन और फ्रांस के कई तटीय इलाकों में नुकसान की खबरें सामने आईं। पूरे भूमध्यसागर क्षेत्र में फेरी और नौका सेवाएं बाधित रहीं, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
माल्टा और इटली में सबसे ज्यादा असर
माल्टा में सुबह होते ही गिरे हुए पेड़, क्षतिग्रस्त इमारतें और जलमग्न सड़कें देखने को मिलीं। मार्सस्काला, स्लीमा और बिरजेबुगा जैसे तटीय शहर तेज हवाओं और उफनती समुद्री लहरों से बुरी तरह प्रभावित हुए। इटली के लिपारी द्वीप पर समुद्र तट से टकराती विशाल लहरों ने नौका सेवाओं को रोकने पर मजबूर कर दिया।
सिसिली के प्रसिद्ध तटीय शहर लेतोजानी में ड्रोन फुटेज के जरिए तबाही की असल तस्वीर सामने आई, जहां समुद्र तट के पास बनी सड़क के बड़े हिस्से बहते हुए नजर आए। कई इलाकों में संपर्क मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

कम समय में भारी तबाही, आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता
इतालवी समाचार एजेंसी एएनएसए के मुताबिक, साइक्लोन हैरी ने बेहद कम समय में भारी तबाही मचा दी। इटली के नागरिक सुरक्षा विभाग ने बताया कि 18 से 21 जनवरी के बीच कुछ इलाकों में करीब दो फीट यानी 57 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। वहीं, इटली के तटीय हिस्सों में समुद्री लहरें लगभग 32 फीट यानी 9.7 मीटर तक ऊंची उठीं, जिससे बड़े पैमाने पर बाढ़ आई।
फ्रांस के कोर्सिका द्वीप में एक ही दिन में 200 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके चलते नदियां उफान पर आ गईं और द्वीप के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। दूसरी ओर, स्पेन के कैटालोनिया क्षेत्र में भी बारिश और समुद्री लहरों ने भारी नुकसान पहुंचाया है।
सोशल मीडिया पर वायरल तबाही के वीडियो
कैटालोनिया में समुद्र किनारे स्थित एक रेस्तरां के पानी से पूरी तरह भर जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। तूफान के चलते समुद्र तट के पास मौजूद कई रेस्तरां, होटल और अन्य व्यवसायों को नुकसान हुआ है। वायरल वीडियो साइक्लोन हैरी की भयावहता और उसकी ताकत को साफ तौर पर बयां कर रहे हैं।
