UP सहित 6 राज्यों में बदलने वाला है मौसम, आज से बारिश का अलर्ट; 50 की रफ्तार से तेज हवाएं

लखनऊ: उत्तर भारत के कई हिस्सों में पिछले तीन दिनों से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे ठंड में थोड़ी राहत मिली है। हालांकि रात का तापमान अभी भी ठंडा बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अब यह एक बार फिर करवट लेने वाला है।
पश्चिमी विक्षोभ लाएगा बारिश और बर्फबारी
आईएमडी के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से 22 से 28 जनवरी तक उत्तर भारत और पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इसके साथ ही कई राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 22 और 23 जनवरी को पश्चिमी यूपी में ओलावृष्टि का अलर्ट भी जारी किया गया है।
उत्तर भारत के तापमान में हल्की बढ़ोतरी
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5 से 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मैदानी क्षेत्रों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस पंजाब के आदमपुर में रिकॉर्ड किया गया।
कश्मीर और हिमाचल में मौसम का सुधार
कश्मीर के अधिकतर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में सुधार हुआ है। घाटी के मैदानों में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम का दौर अब खत्म होने के संकेत मिल रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

सबसे बड़ी बर्फबारी वाले विक्षोभ की दस्तक
दिन में हल्की गर्मी और रात में सर्दी बनी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 72 घंटों तक मौसम उतार-चढ़ाव भरा रहने की संभावना है। अफगानिस्तान-पाकिस्तान क्षेत्र से आने वाला विक्षोभ हल्का है, लेकिन उत्तर-पूर्वी ईरान से आने वाला विक्षोभ अधिक शक्तिशाली है। इसी कारण 23 जनवरी को यूपी समेत छह राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
हवाओं की दिशा और तापमान का हाल
बुधवार को हवा की दिशा फिर उत्तर-पश्चिमी हो गई और औसतन रफ्तार तीन किमी/घंटा तक पहुंची। यह हवाएं ठंडी थीं लेकिन बर्फीली नहीं। इसके बावजूद दिन के तापमान में मंगलवार की तुलना में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। अधिकतम तापमान लगातार दूसरे दिन 24.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है।
