‘बीमारू से ब्रेकथ्रू तक’: यूपी बना भारत के विकास का ग्रोथ इंजन, राज्य दिवस से पहले CM योगी का बड़ा संदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश 24 जनवरी को अपना राज्य दिवस मनाने जा रहा है। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए जनता के नाम एक भावनात्मक संदेश जारी किया है। अपने संदेश में सीएम योगी ने कहा कि कभी बीमारू राज्य के रूप में पहचाना जाने वाला उत्तर प्रदेश आज भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका है। उन्होंने कानून व्यवस्था, निवेश, कृषि, उद्योग, महिला सशक्तिकरण और गरीबी उन्मूलन को सरकार की बड़ी उपलब्धियों के रूप में गिनाया।
कानून और सुशासन से बदली यूपी की तस्वीर
सीएम योगी ने कहा कि दृढ़ संकल्प के साथ प्रदेश में कानून और सुशासन का राज स्थापित किया गया है। सत्ता के संरक्षण में पनप रहे माफिया तंत्र का अंत कर विकास को नई रफ्तार दी गई। उन्होंने कहा कि जो निवेशक कभी लचर कानून व्यवस्था के कारण उत्तर प्रदेश से दूरी बनाते थे, आज वही प्रदेश में निवेश के लिए होड़ लगाए हुए हैं।
निवेश का हॉटस्पॉट बना उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि नीतिगत सुधारों और मजबूत प्रशासनिक इच्छाशक्ति के चलते उत्तर प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। उद्योगों का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है और रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। पलायन और बेरोजगारी की समस्या अब समाप्ति की ओर है।
देश की खाद्य सुरक्षा की रीढ़ बना यूपी
सीएम योगी ने कहा कि कृषि क्षेत्र में उत्तर प्रदेश आज देश की खाद्य सुरक्षा की रीढ़ के रूप में उभर चुका है। ‘बीज से बाजार तक’ की व्यवस्था, रिकॉर्ड डीबीटी भुगतान और किसान हितैषी नीतियों से अन्नदाताओं की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। एमएसएमई, स्टार्टअप, कौशल विकास और ODOP योजना ने प्रदेश को लोकल से ग्लोबल की दिशा में आगे बढ़ाया है।
महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की श्रमबल भागीदारी में ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है। बेटियों के जन्म से लेकर विवाह तक आर्थिक सहायता की व्यवस्था की गई है। निराश्रित महिलाओं, वृद्धों और दिव्यांगजनों के लिए पेंशन योजनाओं को मजबूत किया गया है। मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार और हेल्थ-टेक के जरिए स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ हुई हैं।

कनेक्टिविटी और सांस्कृतिक पुनर्जागरण को मिली गति
सीएम योगी ने कहा कि जल, थल और नभ की बेहतर कनेक्टिविटी ने व्यापार, पर्यटन और निवेश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। अयोध्या, काशी, मथुरा से लेकर संभल तक सांस्कृतिक पुनर्जागरण की स्वर्णिम गाथा लिखी जा रही है। प्रदेश के त्योहारों और परंपराओं में स्वदेशी की चमक साफ दिखाई दे रही है।
6 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी से बाहर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीरो पॉवर्टी लक्ष्य के साथ डबल इंजन सरकार ने 6 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। उत्तर प्रदेश ने ‘बॉटलनेक से ब्रेकथ्रू’, ‘रेवेन्यू डेफिसिट से रेवेन्यू सरप्लस’ और ‘उपद्रव से उत्सव’ की दिशा में लंबी छलांग लगाई है। उन्होंने कहा कि राज्य दिवस के अवसर पर विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को दोहराने का यह सही समय है।
