अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का सघन अभियान,  बड़ी कार्रवाई, यातायात व्यवस्था सुधारने की पहल

WhatsApp Image 2026-01-24 at 8.04.23 PM

 

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण, यातायात अवरोध और सार्वजनिक स्थलों पर अव्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए शनिवार को एक सघन, बहुस्तरीय एवं समन्वित अभियान चलाया। यह व्यापक कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के स्पष्ट निर्देशों पर की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर की प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों, फुटपाथों और बाजार क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त कर आम नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

जोन-1 क्षेत्रांतर्गत जोनल अधिकारी श्री ओ.पी. सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन विभाग व 296 टीम द्वारा हजरतगंज चौराहा से डालीगंज पुल तक सघन अतिक्रमण अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए गए तथा मार्ग को आवागमन के लिए सुचारू किया गया।

जोन-2 में जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री रामसकल यादव, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री राजेश कुमार कुशवाहा, श्री देवेन्द्र कुमार वर्मा एवं 296 टीम के साथ राजाबाजार वार्ड में फूल मंडी एवं मेडिकल कॉलेज के आसपास सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 14 दुकानों का निरीक्षण किया गया। अतिक्रमण एवं गंदगी के मामलों में 14 चालान कर ₹14,200 का शमन शुल्क वसूला गया। यह कार्रवाई स्वच्छता और यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रही।

जोन-3 में जोनल अधिकारी श्री आकाश कुमार के निर्देश में 296 टीम के साथ हनुमान सेतु से डालीगंज पुल तक नदवा रोड पर अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग मरघट सामान की 20 दुकानें एवं 4 गुमटियां हटाई गईं। साथ ही 5 ठेले, 1 तख्त और 1 लकड़ी का स्टूल जब्त किया गया। इस कार्रवाई से सड़क पर यातायात अवरोध में उल्लेखनीय कमी आई।

इसी क्रम में जोन-7 में जोनल अधिकारी श्री रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में नालियों, नालों एवं सड़कों की दोनों पट्टियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया गया। लेखराज मेट्रो से नीलगिरी तक तथा सेक्टर-25 से मुंशी पुलिया तक अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान 2 तराजू, 2 टेबल, 2 कुर्सी, 1 ठेलिया जब्त की गई, जबकि 2 काउंटर, 2 ठेले, 1 ठेलिया और 3 गुमटियां हटाई गईं। यह अभियान कर अधीक्षक श्री विनय मौर्या, ईटीएफ टीम एवं 296 टीम की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र