IMD का बड़ा अलर्ट: अगले 7 दिन कड़ाके की ठंड और कोहरे के, उत्तर भारत में शीतलहर तो कई राज्यों में बारिश की चेतावनी

2026_1image_06_35_226775154upweather-ll

नई दिल्ली: देशभर में मौसम ने एक बार फिर तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उत्तर भारत में जहां घना कोहरा और शीतलहर लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है, वहीं दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश और समुद्री गतिविधियों में तेजी देखी जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले सात दिनों का ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए चेताया है कि पहाड़ी इलाकों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर मैदानी क्षेत्रों तक महसूस किया जाएगा।

उत्तर भारत में कोहरे और शीतलहर का डबल अटैक
IMD के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अगले तीन से चार दिनों तक घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। खासतौर पर सुबह और देर रात के समय दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है, जो कुछ स्थानों पर 50 मीटर से भी नीचे जा सकती है। ऐसे हालात का सीधा असर रेल, सड़क और हवाई यातायात पर पड़ सकता है।

तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट के आसार
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके चलते कई इलाकों में दिन के समय भी सर्दी का असर बना रहेगा। वहीं, रात का न्यूनतम तापमान 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे ठिठुरन और बढ़ेगी।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम का मिजाज
IMD ने जानकारी दी है कि 30 और 31 जनवरी के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 31 जनवरी से 3 फरवरी के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।

पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बढ़ेगी ठंड
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अगले 48 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना है। यहां से चलने वाली ठंडी हवाएं जब मैदानी इलाकों तक पहुंचेंगी, तो शीतलहर का असर और तेज हो जाएगा। कुछ इलाकों में ग्राउंड फ्रॉस्ट की स्थिति बनने की भी आशंका जताई गई है।

दक्षिण भारत में बारिश, समुद्र में बढ़ी हलचल
दक्षिण भारत में मौसम का मिजाज उत्तर से बिल्कुल अलग नजर आ रहा है। तमिलनाडु और केरल के तटीय इलाकों में अगले एक सप्ताह तक हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के आसपास समुद्र में तेज हवाओं और ऊंची लहरों की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने मछुआरों को गहरे समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र