पति की मजाकिया बात से आहत पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम, पलभर में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार; लखनऊ में दर्दनाक घटना

2026_1image_10_20_292668734lucknowsuicide-ll

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली हंसी-मजाक के दौरान हुई कहासुनी के बाद एक युवा महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इंदिरा नगर इलाके की इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रेम विवाह के बाद इंदिरा नगर में रह रहा था दंपती
मृतका की पहचान तनु सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र की रहने वाली थीं। करीब चार साल पहले तनु ने इंदिरा नगर तकरोही निवासी राहुल श्रीवास्तव से प्रेम विवाह किया था। दोनों की मुलाकात एक दोस्त के जरिए हुई थी और बाद में परिवार की सहमति से शादी हुई। राहुल पेशे से ऑटो चालक हैं और दंपती इंदिरा नगर में रह रहा था। तनु को मॉडलिंग का शौक था और उन्होंने हाल ही में इससे जुड़ा एक कोर्स भी शुरू किया था।

हंसी-मजाक के बीच हुई कहासुनी, कमरे में चली गई तनु
परिजनों के अनुसार, बुधवार को परिवार के कुछ सदस्य एक रिश्तेदार के घर से लौटे थे। घर पहुंचने के बाद सभी लोग कमरे में बैठकर सामान्य बातचीत और हंसी-मजाक कर रहे थे। इसी दौरान पति द्वारा मजाक में कही गई एक बात से तनु आहत हो गईं और नाराज होकर दूसरे कमरे में चली गईं। परिजनों को लगा कि वह कुछ देर में सामान्य हो जाएंगी।

दरवाजा बंद मिला, अस्पताल ले जाने पर हुई मौत की पुष्टि
कुछ समय बाद जब तनु को खाने के लिए बुलाया गया और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजनों को शक हुआ। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। झांककर देखने पर तनु अचेत अवस्था में मिलीं। आनन-फानन में उन्हें फंदे से उतारकर राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार सदमे में, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी
मृतका की बहन अंजलि के अनुसार, तनु बेहद भावुक थीं और अपने सपनों को लेकर काफी संजीदा रहती थीं। इस घटना के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शव का पोस्टमॉर्टम करा लिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र