सुनेत्रा पवार ने ली उपमुख्यमंत्री पद की शपथ, महाराष्ट्र को मिली पहली महिला डिप्टी सीएम

sunetra-1769859909

नई दिल्ली: महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को एक ऐतिहासिक पल दर्ज हुआ, जब सुनेत्रा पवार ने मुंबई स्थित लोक भवन में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर नया अध्याय लिखा। वह राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनीं। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित एनसीपी और बीजेपी के तमाम वरिष्ठ नेता और मंत्री मौजूद रहे।

बारामती से उपचुनाव लड़ने की तैयारी
सुनेत्रा पवार फिलहाल राज्यसभा की सदस्य बनी रहेंगी। विधानसभा उपचुनाव लड़ने के बाद वह राज्यसभा से इस्तीफा देंगी। विधानसभा के लिए चुने जाने की स्थिति में नियमों के तहत उन्हें 14 दिनों के भीतर किसी एक सदन से इस्तीफा देना होगा। पार्टी स्तर पर उनके राज्यसभा इस्तीफे को लेकर फैसला बाद में किया जाएगा।

सफेद साड़ी में शपथ, चेहरे पर दिखा गम
शपथ ग्रहण के दौरान सुनेत्रा पवार सफेद साड़ी में नजर आईं और उनके चेहरे पर गहरी उदासी साफ झलक रही थी। दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन के बाद पूरा पवार परिवार शोक में डूबा है। उल्लेखनीय है कि 28 जनवरी को बारामती में हुई विमान दुर्घटना में अजीत पवार का आकस्मिक निधन हो गया था। शपथ से पहले सुनेत्रा पवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया। उन्होंने अपने आधिकारिक आवास देवगिरी बंगले में दिवंगत पति अजीत पवार की तस्वीर पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

शपथ समारोह से शरद पवार और सुप्रिया सुले की दूरी
सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण समारोह में पवार परिवार के वरिष्ठ सदस्य और अजीत पवार के चाचा शरद पवार राजनीतिक कारणों से शामिल नहीं हुए। चचेरी ननद सुप्रिया सुले भी कार्यक्रम में मौजूद नहीं रहीं। अजीत पवार के निधन के बाद एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर शरद पवार से बातचीत चल रही है। बताया जा रहा है कि अजीत पवार दोनों एनसीपी के एक होने के पक्ष में थे। अब पवार परिवार आगे क्या रुख अपनाएगा, यह फैसला शरद पवार पर निर्भर माना जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र