हाथरस में हैरान करने वाला मामला: पति का सांवला रंग बना वजह, शादी के एक महीने बाद पत्नी ने छोड़ा साथ, शारीरिक संबंधों को लेकर भी जताई नाराजगी

hathras-1769844936

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के महज एक महीने बाद ही एक पत्नी ने अपने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया। आरोप है कि पत्नी पति के सांवले रंग और शारीरिक संबंध स्थापित न हो पाने से नाखुश थी। मामला इतना बढ़ा कि बात पुलिस चौकी तक पहुंच गई, जहां पति ने पत्नी को मनाने की भरसक कोशिश की, लेकिन पत्नी अपने फैसले पर अड़ी रही।

कहां का है पूरा मामला
यह मामला हाथरस के थाना हाथरस गेट क्षेत्र स्थित कैलाश नगर का है। जानकारी के मुताबिक, आगरा की रहने वाली युवती की शादी करीब एक महीने पहले हाथरस के युवक से हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद पत्नी ने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया। पत्नी का कहना था कि वह पति के सांवले रंग से खुश नहीं है और दांपत्य जीवन से भी असंतुष्ट है। इसके चलते उसने ससुराल छोड़ने का फैसला कर लिया।

पुलिस चौकी तक पहुंचा विवाद
पति-पत्नी के बीच बढ़ते विवाद के बाद मामला स्थानीय पुलिस चौकी तक पहुंच गया। यहां पति लगातार पत्नी को समझाने और साथ रहने के लिए मनाने की कोशिश करता रहा, लेकिन पत्नी ने साफ इनकार कर दिया। पुलिस के सामने भी पत्नी अपने फैसले पर कायम रही और पति के साथ लौटने को तैयार नहीं हुई।

पति का दर्द, सहमति से हुई थी शादी
पीड़ित पति ने बताया कि उसकी शादी पूरी सहमति से हुई थी। वह बेकरी का काम करता है और शादी के समय पत्नी ने कहा था कि वह उसे पसंद करती है। पति का कहना है कि अब पत्नी अचानक रंग और अन्य कारणों का हवाला देकर साथ छोड़ रही है। उसने बताया कि शादी आगरा में हुई थी, जिसमें करीब ढाई से तीन लाख रुपये तक का खर्च आया था। लड़की पक्ष की ओर से केवल घरेलू सामान दिया गया था, किसी तरह की बाइक या अन्य मांग नहीं थी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पति ने कहा कि शादी टूटने की कगार पर है, जिससे उसका पूरा परिवार सदमे में है। घर में कोहराम मचा हुआ है और सामाजिक बदनामी का डर भी सता रहा है। फिलहाल पत्नी अपने फैसले पर अडिग है और पति न्याय की आस में भटक रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र