धुरंधर-2 के लोकेशन मैनेजर पर FIR, मुंबई पुलिस ने बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर की कार्रवाई

मुंबई। बॉलीवुड फिल्म धुरंधर की जबरदस्त सफलता के बाद दर्शक बेसब्री से धुरंधर-2 का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन इस बीच फिल्म की शूटिंग से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने धुरंधर-2 के लोकेशन मैनेजर रिंकू राजपाल वाल्मीकि के खिलाफ कार्रवाई की है। मामला साउथ मुंबई के हाई सिक्योरिटी फोर्ट इलाके में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने का है।
क्या है पूरा मामला?
मुंबई पुलिस के अनुसार, MRA मार्ग पुलिस स्टेशन ने 1 फरवरी को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत FIR दर्ज की है। इसमें आरोप लगाया गया है कि लोकेशन मैनेजर और क्रू ने शूटिंग के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया, जबकि उनके पास कोई औपचारिक अनुमति नहीं थी। FIR में कहा गया है कि अधिकारियों के वैध आदेशों की जानबूझकर अवज्ञा की गई।
शूटिंग के दौरान मौजूद थे संजय दत्त
सूत्रों के अनुसार, यह शूटिंग 1 फरवरी को हुई, जो इस शेड्यूल का तीसरा दिन था। क्रू और अभिनेता संजय दत्त सहित टीम ने 30 जनवरी से फोर्ट परिसर को पाकिस्तान की पुरानी गलियों जैसा नाटकीय रूप देने का काम किया। शूटिंग के दौरान ड्रोन उड़ाने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसने विवाद को और बढ़ा दिया है।

धुरंधर-2 कब आएगी?
धुरंधर-2 का टीजर 3 फरवरी को जारी कर दिया गया है। फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है और इसे 19 मार्च 2026 को रिलीज़ किया जाएगा। इस फिल्म में रणवीर सिंह, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, अक्षय खन्ना और सारा अली खान मुख्य भूमिका में हैं।
