भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर पीएम मोदी का बड़ा बयान, बोले– रोजगार, निवेश और मेक इन इंडिया को मिलेगी नई ताकत

Narendra-Modi-1770437780324_v

नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के लिए घोषित नए फ्रेमवर्क को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। पीएम मोदी ने इसे दोनों देशों के बीच मजबूत होती साझेदारी, बढ़ते विश्वास और रणनीतिक गहराई का प्रतीक बताया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे भारत और अमेरिका के लिए बेहद अहम करार दिया।

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप का जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका ने एक अंतरिम व्यापार समझौते के लिए फ्रेमवर्क पर सहमति बनाई है। उन्होंने दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने के प्रति अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद भी दिया। पीएम मोदी ने कहा कि यह पहल द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने वाली साबित होगी।

मेक इन इंडिया को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि यह फ्रेमवर्क भारत के मेहनती किसानों, उद्यमियों, एमएसएमई सेक्टर, स्टार्टअप इनोवेटर्स और मछुआरों के लिए नए अवसर पैदा करेगा। इससे ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को मजबूती मिलेगी और घरेलू उत्पादन को वैश्विक बाजार से जोड़ने में मदद मिलेगी।

महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार
पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि इस व्यापारिक फ्रेमवर्क से महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि यह समझौता आर्थिक गतिविधियों को गति देगा और भारत की कार्यबल क्षमता को वैश्विक स्तर पर और मजबूत करेगा।

निवेश, इनोवेशन और टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और अमेरिका इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह फ्रेमवर्क दोनों देशों के बीच निवेश और टेक्नोलॉजी साझेदारी को और गहरा करेगा। साथ ही मजबूत और भरोसेमंद सप्लाई चेन के निर्माण में भी मदद करेगा, जिससे वैश्विक विकास को नई गति मिलेगी।

विकसित भारत के लक्ष्य की ओर मजबूत कदम
पीएम मोदी ने कहा कि जैसे-जैसे भारत ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे भविष्य-उन्मुख वैश्विक साझेदारियों की भूमिका और अहम होती जा रही है। भारत ऐसी साझेदारियों के लिए प्रतिबद्ध है जो लोगों को सशक्त बनाएं और साझा समृद्धि को बढ़ावा दें।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र