यूपी में एक्सप्रेसवे का जाल होगा और मजबूत, संख्या बढ़कर 22, वाराणसी में देश की पहली रोपवे परियोजना पर तेज काम

ganga-expressway-(2)-1770690334436_v

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश और आर्थिक गतिविधियों को गति देने के लिए राज्य सरकार अवसंरचना विकास पर बड़े पैमाने पर काम कर रही है। आर्थिक समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में एक्सप्रेसवे नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। वर्तमान में राज्य में सात एक्सप्रेसवे संचालित हैं, जबकि तीन एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य प्रगति पर है और 12 नए एक्सप्रेसवे प्रस्तावित हैं। इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे की कुल संख्या बढ़कर 22 हो जाएगी।

एक्सप्रेसवे से निवेश और कनेक्टिविटी को बढ़ावा

सरकार का मानना है कि मजबूत सड़क नेटवर्क से औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की आपसी कनेक्टिविटी बेहतर होगी। एक्सप्रेसवे परियोजनाओं को तय समय पर पूरा करने के लिए निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि प्रदेश को लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जा सके।

वाराणसी में देश की पहली रोपवे परियोजना

आर्थिक समीक्षा में यह भी बताया गया है कि वाराणसी में देश की पहली रोपवे परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। यह परियोजना धार्मिक और पर्यटन नगरी वाराणसी में यातायात के दबाव को कम करने के साथ-साथ पर्यटकों को आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगी। रोपवे के शुरू होने से काशी आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

हवाई अड्डों के विस्तार पर भी फोकस

राज्य सरकार हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में भी तेज कदम उठा रही है। फिलहाल उत्तर प्रदेश में चार अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों सहित कुल 16 हवाई अड्डे संचालित हैं। जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के संचालन में आने के बाद उत्तर प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य बन जाएगा, जहां पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे होंगे। इससे प्रदेश की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई मिलेगी।

मेट्रो और नमो भारत ट्रेन से शहरी परिवहन मजबूत

प्रदेश के प्रमुख शहरों में मेट्रो रेल नेटवर्क का भी विस्तार किया जा रहा है। नोएडा, लखनऊ, कानपुर और आगरा में मेट्रो सेवाएं संचालित हैं, जबकि वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रयागराज में नई मेट्रो परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इसके अलावा रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम परियोजना के तहत न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक नमो भारत ट्रेन का संचालन किया जा रहा है, जिससे दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन और तेज हुआ है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र