दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम का मिजाज, गुरुवार को गरज-चमक के साथ बारिश के आसार; 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

demo-1777462199

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी से फिलहाल राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों में गुरुवार को मौसम अचानक करवट ले सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से दिल्ली, नोएडा समेत पूरे एनसीआर में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

बुधवार को भी राजधानी में तेज हवाओं और हल्की बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को तपती गर्मी से कुछ राहत मिली।

दोपहर बाद बिगड़ सकता है मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 30 अप्रैल यानी गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। दोपहर के समय मौसम ज्यादा खराब हो सकता है और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

पूर्वानुमान के मुताबिक हवा की रफ्तार सामान्य तौर पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि कुछ समय के लिए तेज झोंकों के साथ हवाएं 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।

दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान भी सामान्य से कम दर्ज होने की संभावना है।

अगले दो दिन तक गर्मी से राहत के संकेत

मौसम विभाग ने शुक्रवार यानी 1 मई को भी दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

शुक्रवार को दिन के समय करीब 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं शनिवार को भी मौसम का मिजाज कुछ हद तक बदला हुआ रहेगा और आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे।

शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक ज्यादातर इलाकों में तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा।

बुधवार को भी हुई बारिश, AQI रहा ‘खराब’ श्रेणी में

दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि बुधवार सुबह राजधानी और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम में हल्की ठंडक महसूस की गई।

इस बीच केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI 260 दर्ज किया गया। यह स्तर “खराब” श्रेणी में माना जाता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र