काशी में प्रधानमंत्री का आध्यात्मिक दौरा: काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा, मां गंगा को किया नमन, घाटों पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मां गंगा को नमन किया। अपने दौरे के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और घाटों पर मौजूद व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। दर्शन के बाद प्रधानमंत्री गंगा द्वार तक पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में स्थापित वैदिक घड़ी का अवलोकन किया और घाटों पर लगाए गए एयर प्यूरीफायर सिस्टम की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
करीब 55 मिनट तक मंदिर परिसर में रहे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री लगभग 55 मिनट तक काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने गर्भगृह में सात से आठ मिनट तक विशेष पूजा-अर्चना की। पूजा के दौरान उन्होंने माता अन्नपूर्णा, भारत माता और आदि शंकराचार्य को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया। काफी समय बाद प्रधानमंत्री का यह मंदिर दौरा हुआ है, इससे पहले वह 18 जून 2024 को यहां दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे थे।
मंदिर प्रशासन ने भेंट किए विशेष उपहार
मंदिर प्रशासन की ओर से प्रधानमंत्री को पारंपरिक शिल्प से सुसज्जित काशी विश्वनाथ मंदिर का गुलाबी मीनाकारी वाला मॉडल भेंट किया गया। इसके साथ भगवान विश्वनाथ को अर्पित होने वाला शाल, जिस पर ‘जय विश्वनाथ’ अंकित है और जिसमें रुद्राक्ष की मालाएं लगी हैं, भी उन्हें प्रदान किया गया। साथ ही भगवान शिव के प्रतीक त्रिशूल और डमरू भी उपहार स्वरूप दिए गए।
घाटों पर आधुनिक व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
प्रधानमंत्री ने काशी विश्वनाथ घाट पर लगाए गए एयर प्यूरीफायर सिस्टम का निरीक्षण किया। बताया गया कि यह प्रणाली मणिकर्णिका घाट के आसपास की वायु को शुद्ध करने में सहायक है। इस दौरान उन्होंने इस आधुनिक तकनीक के संचालन और प्रभाव के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, गूंजे हर हर महादेव के जयकारे
मंदिर पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री ने वाराणसी में भव्य रोड शो भी किया। यह रोड शो बनारस लोकोमोटिव वर्क्स से शुरू होकर लहरतारा, कचहरी, आंबेडकर चौराहा, चौकाघाट, तेलियाबाग, लहुराबीर और मैदागिन होते हुए काशी विश्वनाथ धाम तक पहुंचा। सड़क किनारे भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी, जिन्होंने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। मंदिर परिसर से बाहर निकलते समय श्रद्धालुओं ने ‘हर हर महादेव’ के जयकारे लगाए, जिसका प्रधानमंत्री ने हाथ हिलाकर और हाथ जोड़कर अभिवादन किया।
