दिल्ली के विवेक विहार में दर्दनाक हादसा: 6 फ्लैटों में लगी भीषण आग, 9 लोगों की मौत; कई घायल

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में देर रात भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग ने देखते ही देखते बहुमंजिला इमारत के 6 फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह एसी में हुआ ब्लास्ट बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस और दमकल विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
सुबह करीब 3:47 बजे मिली आग लगने की सूचना
दमकल विभाग को तड़के करीब 3:47 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत में रहने वाले कई लोग अंदर ही फंस गए।
मौके पर पहुंची दमकल और रेस्क्यू टीमों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस के मुताबिक आग पर अब पूरी तरह काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत में सर्च ऑपरेशन जारी है।
बताया जा रहा है कि बिल्डिंग में कुल 8 परिवार रहते थे।
दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल तक फैली आग
पुलिस के अनुसार, 3 मई की सुबह करीब 3:48 बजे विवेक विहार थाने को घटना की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम, एसएचओ और एसीपी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
दमकल विभाग और क्राइम टीम भी विवेक विहार फेज-1 स्थित बी-13 परिसर पहुंची। जांच में सामने आया कि इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैटों में आग लगी थी।

10 से 15 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
बचाव अभियान के दौरान करीब 10 से 15 लोगों को इमारत से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें से दो लोग मामूली रूप से घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके पर डीडीएमए स्टाफ, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमों के साथ 12 दमकल गाड़ियां तैनात रहीं। अधिकारियों के मुताबिक पूरे मामले की जांच की जा रही है।
हाल ही में गाजियाबाद में भी लगी थी भीषण आग
इससे पहले गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भी भीषण आग लगी थी। आग 9वीं से 13वीं मंजिल तक फैल गई थी और उसका धुआं दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक दिखाई दिया था।
उस घटना के दौरान भी इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी और दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे।
