Weather Update: दिल्ली में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, आज आंधी-बारिश के आसार; IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

Delhi-Heat-3_1778553787076_1778553810897

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए दिल्ली और आसपास के इलाकों में आंधी, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी विक्षोभ का असर राजधानी के मौसम पर साफ दिखाई दे सकता है।

दिनभर बादलों की आवाजाही, तापमान में राहत
सोमवार को दिल्ली में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए रहे और करीब 10 बजे के बाद बादल कुछ घने नजर आए, हालांकि बाद में धूप निकल आई। मौसम में नमी और बादलों की मौजूदगी के कारण तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई।

सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा था। आर्द्रता का स्तर 41 से 67 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया।

पालम, आयानगर और रिज इलाके में भी राहत
पालम में अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आयानगर में यह 37.2 डिग्री सेल्सियस रहा। रिज और लोदी रोड क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से कम रिकॉर्ड किया गया। दोनों स्थानों पर अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिनभर उमस और गर्मी महसूस हुई, लेकिन बारिश नहीं हुई।

60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके साथ ही धूल भरी आंधी और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक पहुंच सकती है।

दिल्ली की हवा फिलहाल मध्यम श्रेणी में
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 131 दर्ज किया गया, जिसे ‘मध्यम’ श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले यह आंकड़ा 127 था। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में बारिश और तेज हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता में और सुधार हो सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र