IPL पॉइंट्स टेबल में क्यों RR से ऊपर है CSK? बराबर पॉइंट और NRR के पीछे छिपा है पूरा गणित

befunky-collage-2026-05-18t174806-1779106839

 

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 का रोमांच अपने चरम पर पहुंच चुका है और प्लेऑफ की जंग के बीच पॉइंट्स टेबल का हर आंकड़ा बेहद अहम हो गया है। इसी बीच चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स को लेकर फैंस के बीच बड़ा कन्फ्यूजन पैदा हो गया। दोनों टीमों के समान अंक और एक जैसा नेट रन रेट दिखाई देने के बावजूद चेन्नई सुपर किंग्स को राजस्थान रॉयल्स से ऊपर रखा गया है। अब क्रिकेट फैंस यही जानना चाह रहे हैं कि आखिर इसके पीछे का असली गणित क्या है।

आईपीएल 2026 की मौजूदा पॉइंट्स टेबल में चेन्नई सुपर किंग्स पांचवें स्थान पर मौजूद है, जबकि राजस्थान रॉयल्स छठे नंबर पर है। दोनों टीमों ने अब तक 12-12 मुकाबले खेले हैं और दोनों के खाते में 6 जीत व 6 हार दर्ज हैं। दोनों टीमों के 12-12 अंक हैं और पॉइंट्स टेबल में नेट रन रेट भी 0.027 दिखाई दे रहा है।

दशमलव के बाद छिपा है पूरा खेल

दरअसल, आईपीएल पॉइंट्स टेबल में नेट रन रेट को सिर्फ तीन दशमलव तक दिखाया जाता है, जबकि वास्तविक आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा लंबा होता है। यही वजह है कि ऊपर से दोनों टीमों का नेट रन रेट समान नजर आता है, लेकिन तकनीकी तौर पर दोनों के बीच बेहद मामूली अंतर मौजूद है।

राजस्थान रॉयल्स का वास्तविक नेट रन रेट 0.02670848420776258 है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स का नेट रन रेट 0.0270247695415129 है। यानी दशमलव के बाद बेहद छोटे अंतर से चेन्नई का नेट रन रेट राजस्थान से बेहतर है। इसी कारण CSK को पॉइंट्स टेबल में RR से ऊपर रखा गया है।

हर रन बदल सकता है प्लेऑफ का समीकरण

आईपीएल 2026 में इस समय प्लेऑफ की रेस बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गई है। ऐसे में हर रन और हर गेंद टीमों की किस्मत बदल सकती है। राजस्थान रॉयल्स लगातार तीन मुकाबले हार चुकी है, लेकिन टीम अभी भी अंतिम चार की दौड़ से बाहर नहीं हुई है।

राजस्थान के लिए अब हर मैच करो या मरो जैसा बन गया है। अगर टीम को प्लेऑफ में पहुंचना है तो बाकी दोनों मुकाबले जीतने होंगे। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के लिए भी स्थिति आसान नहीं है और टीम को अपने नेट रन रेट के साथ जीत के अंतर पर भी ध्यान देना होगा।

जयपुर में होगा बड़ा मुकाबला

राजस्थान रॉयल्स का अगला मुकाबला 18 मई को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेला जाएगा। इस मैच पर फैंस की खास नजरें रहेंगी, क्योंकि यहां मिली हार या जीत प्लेऑफ की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र