Cannes 2026 में आलिया भट्ट की ट्रोलिंग पर भड़कीं सोनी राजदान, बोलीं- सोशल मीडिया नफरत से भरा पड़ा है

soni-razdan-1779068315

मुंबई: कान फिल्म फेस्टिवल 2026 में बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट के रेड कार्पेट वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस अब तेज हो गई है। वायरल क्लिप्स में दावा किया गया कि इंटरनेशनल पैपराजी ने आलिया भट्ट को नजरअंदाज किया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर अभिनेत्री को जमकर ट्रोल किया जाने लगा। अब इस पूरे विवाद पर आलिया की मां और अभिनेत्री सोनी राजदान ने प्रतिक्रिया दी है।

कान फिल्म फेस्टिवल से सामने आए कुछ वीडियोज में आलिया रेड कार्पेट पर पोज देती नजर आ रही थीं। इसी दौरान कुछ फोटोग्राफर्स का ध्यान दूसरी ओर होने को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स ने दावा करना शुरू कर दिया कि इंटरनेशनल मीडिया आलिया को पहचान नहीं रहा था। देखते ही देखते यह मामला चर्चा का विषय बन गया।

आलिया के समर्थन में उतरीं राइटर शुनाली खुल्लर

आलिया को लेकर हो रही ट्रोलिंग के बीच राइटर शुनाली खुल्लर ने सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट लिखकर अभिनेत्री का बचाव किया। उन्होंने कहा कि कान जैसे इंटरनेशनल इवेंट में रेड कार्पेट पर लगातार हलचल रहती है और फोटोग्राफर्स कई सेलिब्रिटीज को एक साथ कवर करते हैं।

उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि एक छोटे से वीडियो क्लिप के आधार पर भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे “नेशनल ह्यूमिलिएशन” की तरह पेश करना शुरू कर दिया। शुनाली ने कहा कि यह मानसिकता दिखाती है कि लोग पश्चिमी देशों की मान्यता को कितना महत्व देते हैं और अपने ही सितारों को नीचा दिखाने में आनंद लेते हैं।

सोनी राजदान ने ट्रोलिंग पर जताई नाराजगी

शुनाली खुल्लर के इसी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए सोनी राजदान ने सोशल मीडिया के माहौल पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कमेंट करते हुए लिखा कि सोशल मीडिया प्यार, मनोरंजन और जानकारी के साथ-साथ भारी मात्रा में नफरत से भी भरा हुआ है।

सोनी राजदान ने कहा कि सोशल मीडिया आज समाज की मानसिकता को भी उजागर करता है और यह आने वाले समय में अध्ययन का विषय बन सकता है।

कई सितारे भी आलिया के समर्थन में आए

आलिया भट्ट को लेकर चल रही ट्रोलिंग के बीच बॉलीवुड के कई सितारों ने भी अभिनेत्री का समर्थन किया। अभिनेता सोनू सूद, राहुल वैद्य और अली गोनी समेत कई सेलिब्रिटीज ने सोशल मीडिया पर ट्रोल्स को जवाब देते हुए आलिया का पक्ष लिया।

गौरतलब है कि कान फिल्म फेस्टिवल 2026 में आलिया भट्ट के कई लुक्स और रेड कार्पेट अपीयरेंस को फैशन और फिल्म जगत में काफी सराहा गया है। अभिनेत्री लगातार इस इंटरनेशनल मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करती नजर आ रही हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र