ऋषिकेश में बड़ा रेल हादसा टला, उज्जैन एक्सप्रेस के 3 डिब्बे पटरी से उतरे, इलाके में मचा हड़कंप

untitled-2026-05-19t061204-1779151358

ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश से सोमवार रात एक बड़ा रेल हादसा सामने आया, जहां योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के पास खंड गांव इलाके में उज्जैन एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना रात करीब 9:30 बजे हुई। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय ट्रेन में कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रेन के नियमित रखरखाव के दौरान ब्रेक फेल हो गए थे, जिसके कारण डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

घटना के बाद सरकारी रेलवे पुलिस यानी जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और हालात को संभाला। पुलिस ने भीड़ को ट्रैक से दूर हटाया और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

रेलवे अधिकारियों की देरी पर उठे सवाल

हादसे के बाद रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि दुर्घटना के करीब ढाई घंटे बाद तक रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचे। इसको लेकर स्थानीय लोगों और रेलवे कर्मचारियों में नाराजगी देखने को मिली।

फिलहाल रेलवे विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे की वजहों की विस्तृत जांच की जा रही है और तकनीकी पहलुओं को भी खंगाला जाएगा।

लगातार सामने आ रहे ट्रेन हादसे

बीते कुछ दिनों में देशभर में ट्रेन हादसों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सोमवार सुबह बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर एक पैसेंजर ट्रेन में आग लगने से हड़कंप मच गया था। ट्रेन सासाराम से आरा होते हुए पटना जा रही थी। आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई थी, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।

वहीं रविवार को मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के आलोट स्टेशन के पास तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के एक कोच में आग लग गई थी। जिस कोच में आग लगी उसमें 68 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि उस घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ।

रेल सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

लगातार सामने आ रहे रेल हादसों के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रेनों के रखरखाव और तकनीकी निगरानी को और मजबूत करने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र