कार चलाना जानते हैं तो मौका न गंवाएं, 10 हजार ड्राइवरों की भर्ती शुरू; ₹40 हजार तक मिलेगी सैलरी
नई दिल्ली: देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग के बीच अब रोजगार के नए अवसर भी तेजी से सामने आ रहे हैं। वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी विनफास्ट ने भारत में बड़ा कदम उठाते हुए टैक्सी सर्विस बिजनेस में एंट्री कर ली है। कंपनी ने ग्रीन SM के साथ मिलकर उत्तर भारत में 10 हजार इलेक्ट्रिक टैक्सियां उतारी हैं और इसके साथ ही बड़े स्तर पर ड्राइवरों की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि कंपनी ड्राइवरों को 35 हजार रुपये से लेकर 40 हजार रुपये तक की सैलरी ऑफर कर रही है। यही वजह है कि इस भर्ती को लेकर युवाओं के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है।
दिल्ली-NCR में इलेक्ट्रिक कैब की बढ़ी मांग
पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब ट्रैवल और कैब इंडस्ट्री पर भी साफ दिखाई देने लगा है। खासतौर पर दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में कई कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल से चलने वाली गाड़ियों को कैब फ्लीट में शामिल करना बंद कर दिया है। अब कंपनियां तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर रुख कर रही हैं।
इसी बदलते बाजार को देखते हुए विनफास्ट ने भारत में टैक्सी सेवा के क्षेत्र में कदम रखा है। कंपनी ने उत्तर भारत में अपनी 10 हजार विनफास्ट लिमो ग्रीन इलेक्ट्रिक MPV उतारी हैं, जिन्हें टैक्सी सेवा में शामिल किया गया है।
ऑनलाइन वीडियो से सामने आई भर्ती की जानकारी
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें बड़ी संख्या में टैक्सी रजिस्ट्रेशन वाली विनफास्ट लिमो ग्रीन इलेक्ट्रिक MPV दिखाई दीं। वीडियो में सभी गाड़ियों पर ब्लैक और येलो नंबर प्लेट नजर आईं, जिससे साफ हुआ कि इन्हें व्यावसायिक टैक्सी सेवा के लिए तैयार किया गया है।
वीडियो में दावा किया गया कि ग्रीन SM कंपनी ने भारत में 10 हजार इलेक्ट्रिक कारों के साथ शुरुआत की है और ड्राइवरों की भर्ती भी शुरू कर दी गई है। इसमें बताया गया कि चयनित ड्राइवरों को करीब 35 हजार से 40 हजार रुपये तक मासिक सैलरी दी जाएगी।
1 लाख से ज्यादा यूनिट्स की तैयारी
जानकारी के मुताबिक कंपनी सिर्फ टैक्सी सर्विस तक सीमित नहीं रहने वाली है। विनफास्ट भविष्य में इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल कारोबार में भी उतरने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने अपने ऑपरेशन के लिए एक लाख से ज्यादा यूनिट्स की योजना बनाई है।
ग्रीन SM इंडिया प्राइवेट लिमिटेड इस पूरे टैक्सी बिजनेस को संचालित कर रही है। कंपनी का रजिस्टर्ड ऑफिस गुरुग्राम, हरियाणा में स्थित है और इसकी अधिकृत पूंजी 254 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
517 किलोमीटर तक की रेंज वाली इलेक्ट्रिक MPV
कंपनी की लिमो ग्रीन इलेक्ट्रic MPV को खास तौर पर फ्लीट और टैक्सी ऑपरेशन के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें 60.13 kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जो ARAI प्रमाणित 517 किलोमीटर तक की रेंज देता है।
इस इलेक्ट्रिक MPV में फ्रंट-व्हील ड्राइव मोटर मिलती है, जो 201 bhp की पावर और 280 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। इसकी टॉप स्पीड 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक बताई जा रही है।
फीचर्स में भी दमदार पैकेज
विनफास्ट लिमो ग्रीन MPV में 10.1 इंच का फ्री-स्टैंडिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। इसके साथ वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो, एप्पल कारप्ले, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और चार स्पीकर जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
हालांकि, लागत कम रखने के लिए कंपनी ने इस मॉडल में ब्लैक इंटीरियर, फैब्रिक सीट्स और स्टील व्हील्स जैसे प्रैक्टिकल फीचर्स दिए हैं, ताकि टैक्सी ऑपरेशन में रखरखाव आसान हो सके।
