Vaishno Devi जाने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! आज से नए रूट पर दौड़ेगी वंदे भारत, पहली बार इन शहरों को मिला हाई-स्पीड ट्रेन का तोहफा

vande-bharat-5-1781574387

अमृतसर: श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अमृतसर और श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस करीब एक वर्ष बाद नए रूट के साथ फिर से शुरू हो गई है। रेलवे ने 16 जून 2026 से संशोधित मार्ग पर इस ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया है, जिससे पंजाब के कई शहरों को पहली बार वंदे भारत सेवा का लाभ मिलेगा।

पिछले वर्ष भारी बारिश के कारण पठानकोट-जम्मू रेलखंड पर स्थित एक महत्वपूर्ण रेलवे पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके चलते इस ट्रेन का संचालन अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा था। अब रेलवे ने सेवा को बहाल करते हुए इसके मार्ग में भी बड़ा बदलाव किया है।

पहले यह वंदे भारत एक्सप्रेस ब्यास और जालंधर सिटी के रास्ते संचालित होती थी, लेकिन अब इसे नए मार्ग से चलाया जाएगा। संशोधित रूट के तहत ट्रेन बटाला, गुरदासपुर और पठानकोट होकर कटरा पहुंचेगी। इस बदलाव से इन क्षेत्रों के यात्रियों को पहली बार हाई-स्पीड वंदे भारत ट्रेन की सुविधा उपलब्ध होगी।

आज से लागू हुआ नया रूट

रेलवे के अनुसार अमृतसर से कटरा जाने वाली सेवा 16 जून 2026 से नए मार्ग पर शुरू हो गई है, जबकि कटरा से अमृतसर लौटने वाली सेवा 17 जून 2026 से इसी नए रूट पर संचालित होगी। रेलवे को उम्मीद है कि इससे यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी, खासकर माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

अमृतसर-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस (26405) का नया टाइम टेबल

अमृतसर जंक्शन से ट्रेन शाम 4:40 बजे रवाना होगी।

बटाला जंक्शन पर शाम 5:18 बजे पहुंचेगी और 5:20 बजे प्रस्थान करेगी।

गुरदासपुर स्टेशन पर शाम 5:58 बजे आगमन और 6:00 बजे प्रस्थान का समय निर्धारित किया गया है।

पठानकोट जंक्शन पर ट्रेन शाम 6:32 बजे पहुंचेगी और 6:42 बजे रवाना होगी।

जम्मू तवी स्टेशन पर रात 8:03 बजे पहुंचेगी तथा 8:05 बजे आगे के लिए रवाना होगी।

श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन पर ट्रेन रात 9:45 बजे पहुंचेगी।

कटरा-अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस (26406) का नया टाइम टेबल

कटरा स्टेशन से यह ट्रेन सुबह 6:40 बजे रवाना होगी।

जम्मू तवी पर सुबह 8:03 बजे पहुंचेगी और 8:05 बजे आगे बढ़ेगी।

पठानकोट जंक्शन पर सुबह 9:35 बजे आगमन और 9:45 बजे प्रस्थान का समय तय किया गया है।

गुरदासपुर स्टेशन पर सुबह 10:15 बजे पहुंचेगी और 10:17 बजे रवाना होगी।

बटाला जंक्शन पर सुबह 10:54 बजे आगमन और 10:56 बजे प्रस्थान करेगी।

अंतिम स्टेशन अमृतसर जंक्शन पर यह ट्रेन दोपहर 11:40 बजे पहुंचेगी।

श्रद्धालुओं को मिलेगा तेज और सुविधाजनक सफर

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि सेवा बहाल होने और नए रूट के लागू होने के बाद अमृतसर से कटरा के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में तेजी से वृद्धि होगी। विशेष रूप से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को अब पहले से अधिक तेज, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र