Samsung यूजर्स अलर्ट! सरकार की बड़ी चेतावनी, करोड़ों डिवाइस पर हैकिंग का खतरा; तुरंत करें ये जरूरी अपडेट

photo8-1-2

नई दिल्ली: अगर आप सैमसंग का स्मार्टफोन या टैबलेट इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी ने सैमसंग डिवाइसों में पाई गई एक गंभीर सुरक्षा खामी को लेकर चेतावनी जारी की है। एजेंसी के मुताबिक, इस कमजोरी का फायदा उठाकर साइबर अपराधी डिवाइस की सुरक्षा को दरकिनार कर सकते हैं और संवेदनशील डेटा तक पहुंच बना सकते हैं।

सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (CERT-In) ने सैमसंग के नॉक्स सिक्योरिटी फ्रेमवर्क में मौजूद सुरक्षा खामी को लेकर ‘हाई सीवियरिटी’ अलर्ट जारी किया है। नॉक्स सैमसंग गैलेक्सी स्मार्टफोन और टैबलेट में मौजूद एक सुरक्षा प्लेटफॉर्म है, जो डिवाइस, एप्लिकेशन और निजी डेटा को साइबर खतरों से सुरक्षित रखने का काम करता है।

इन एंड्रॉयड वर्जन वाले डिवाइस सबसे ज्यादा प्रभावित

एडवाइजरी के अनुसार, यह सुरक्षा खामी उन सैमसंग डिवाइसों को प्रभावित कर सकती है जिनमें एंड्रॉयड 13, एंड्रॉयड 14, एंड्रॉयड 15 और एंड्रॉयड 16 ऑपरेटिंग सिस्टम चल रहा है और जो जनवरी 2026 के सिक्योरिटी मेंटेनेंस रिलीज (SMR Jan-2026 Release 1) से पहले जारी किए गए थे।

विशेषज्ञों के अनुसार, यह समस्या सैमसंग नॉक्स के एक कंपोनेंट में मौजूद बग के कारण सामने आई है, जिसे PROCA ड्राइवर के नाम से जाना जाता है।

फोन का कंट्रोल तक हासिल कर सकते हैं हैकर्स

CERT-In की रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर इस सुरक्षा खामी का दुरुपयोग किया गया तो हमलावर डिवाइस में दुर्भावनापूर्ण कोड चला सकते हैं, सुरक्षा सुरक्षा-तंत्र को बायपास कर सकते हैं और फोन तक अनधिकृत पहुंच प्राप्त कर सकते हैं।

इसका मतलब यह है कि साइबर अपराधी डिवाइस के महत्वपूर्ण हिस्सों तक पहुंच बनाकर उसके संचालन को प्रभावित कर सकते हैं और संवेदनशील जानकारी पर कब्जा करने की कोशिश कर सकते हैं।

सरकार ने ‘हाई सीवियरिटी’ श्रेणी में रखा मामला

साइबर सुरक्षा एजेंसी ने इस खामी को गंभीर श्रेणी में रखते हुए कहा है कि इससे डिवाइस की सुरक्षा से समझौता, डेटा तक अनधिकृत पहुंच और सिस्टम में छेड़छाड़ जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

हालांकि एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस कमजोरी का फायदा उठाने के लिए हमलावर को लक्षित डिवाइस तक स्थानीय स्तर पर पहुंच की आवश्यकता होती है। इसके बावजूद सुरक्षा जोखिम को देखते हुए उपयोगकर्ताओं को तत्काल आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है।

कितने डिवाइस प्रभावित, कंपनी ने नहीं बताया

फिलहाल सैमसंग की ओर से यह जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है कि दुनिया भर में या भारत में कितने उपयोगकर्ता और डिवाइस इस सुरक्षा खामी से प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि करोड़ों गैलेक्सी डिवाइसों में नॉक्स प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल होने के कारण यह चेतावनी बड़ी संख्या में उपयोगकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सुरक्षित रहने के लिए तुरंत करें यह काम

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि उपयोगकर्ताओं को अपने डिवाइस में उपलब्ध नवीनतम सुरक्षा अपडेट तुरंत इंस्टॉल कर लेना चाहिए। इससे संभावित जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

सैमसंग उपयोगकर्ता अपने गैलेक्सी स्मार्टफोन में सेटिंग्स → सॉफ्टवेयर अपडेट → डाउनलोड और इंस्टॉल विकल्प पर जाकर नया अपडेट उपलब्ध है या नहीं, इसकी जांच कर सकते हैं। यदि अपडेट उपलब्ध हो तो उसे बिना देरी इंस्टॉल करना चाहिए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र