राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा खुलासा, फोन पर बनती थी योजना; ड्यूटी से पहले तय होते थे आरोपियों के रोल

ram-mandir-donation-theft-4-1783923876

अयोध्या: श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच में नया खुलासा सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान चोरी की योजना और इसमें शामिल लोगों की भूमिका को लेकर कई अहम जानकारियां दी हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर संगठित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देते थे और ड्यूटी पर जाने से पहले सभी की भूमिका तय की जाती थी।

फोन पर होती थी चोरी की प्लानिंग

सूत्रों के अनुसार, आरोपी सुबह फोन पर चोरी की योजना बनाते थे। इसमें नोटों को हटाने से लेकर कैमरे की नजर से बचने तक की रणनीति पहले से तय की जाती थी। जांच एजेंसियों का दावा है कि बरामद सीसीटीवी फुटेज से पूछताछ में सामने आई जानकारियों की पुष्टि हुई है।

जांच में यह भी सामने आया है कि कभी अविनाश तो कभी मनीष नोटों को सीधा करने के दौरान उन्हें कपड़ों में छिपाते हुए दिखाई दिए। वहीं अनुकल्प, करुणेश, लवकुश और अन्य आरोपी कथित तौर पर कैमरे के सामने खड़े दिखाई दिए, जिससे चोरी की गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें।

करीब 70 बार सीसीटीवी में दिखे आरोपी

जानकारी के मुताबिक, चोरी से मिले पैसों का हिस्सा आरोपियों के बीच बांटा जाता था, हालांकि कभी-कभी अविनाश के पास ज्यादा हिस्सा रहने की बात भी सामने आई है। एसआईटी रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी करीब 70 बार सीसीटीवी फुटेज में चोरी करते हुए दिखाई दिए हैं।

जांच में अविनाश और मनीष के चेहरे चोरी की घटनाओं के दौरान सबसे ज्यादा बार सीसीटीवी में दिखाई देने की बात कही गई है। वहीं डिलीट की गई फुटेज को लेकर पुलिस को शक है कि आरोपियों को सीसीटीवी कंट्रोल रूम तक पहुंच हासिल थी।

टिन्नू और सुभाष से होगी पूछताछ

सीसीटीवी फुटेज में कई बार सुभाष श्रीवास्तव और टिन्नू यादव भी चोरी के समय मौजूद दिखाई दिए हैं। पुलिस अब दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि उन्हें चोरी की जानकारी थी या नहीं और इस मामले में उनकी क्या भूमिका थी।

टिन्नू यादव और सुभाष श्रीवास्तव की पुलिस रिमांड अर्जी पर 14 जुलाई को सुनवाई होगी। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस अब तक 8 आरोपियों को हिरासत में ले चुकी है।

सुप्रीम कोर्ट में भी होगी सुनवाई

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई होनी है। सुप्रीम कोर्ट में दाखिल जनहित याचिकाओं में मामले की जांच सीबीआई से कराने और वित्तीय लेन-देन का ऑडिट कराने की मांग की गई है।

वहीं मामले की जांच को आगे बढ़ाने के लिए एसआईटी सोमवार को अयोध्या पहुंचकर जांच प्रक्रिया को अंतिम रूप देने की दिशा में काम करेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र