आज का मौसम: यूपी-बिहार से पहाड़ों तक मूसलाधार बारिश का खतरा, कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी

ANI-20260718265-0_1784521637172

नई दिल्ली: देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और इसका असर उत्तर, पूर्वोत्तर व पहाड़ी राज्यों में साफ दिखाई दे रहा है। भारत मौसम विभाग ने 20 जुलाई को कम से कम 15 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत कई पहाड़ी इलाकों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जम्मू-कश्मीर में बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है।

अगले 6 से 7 दिन तक सक्रिय रहेगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले छह से सात दिनों तक सक्रिय रहेगा। इस दौरान दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार सहित उत्तर और पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 20 से 25 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में व्यापक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, त्रिपुरा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

उत्तर प्रदेश में कई जिलों के लिए चेतावनी

उत्तर प्रदेश में 20 जुलाई को अधिकांश जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, गोंडा, अयोध्या, बाराबंकी, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, रायबरेली, लखनऊ, देवरिया, बलिया और चंदौली में भारी बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, एटा, मेरठ, आगरा, मथुरा और मुजफ्फरनगर में भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में 25 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

बिहार और झारखंड में भी भारी बारिश के आसार

बिहार में 20 जुलाई को कई जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पटना, नालंदा, नवादा, गया, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, जहानाबाद, औरंगाबाद, वैशाली, अरवल, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, दरभंगा, सिवान, शिवहर, मधुबनी, समस्तीपुर, बेगूसराय, मधेपुरा, पश्चिमी चंपारण, पूर्णिया, कटिहार, बांका, खगड़िया, अररिया और सुपौल में तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 24 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।

पहाड़ी राज्यों में सबसे ज्यादा खतरा

उत्तराखंड में 10 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। हरिद्वार में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि भूस्खलन के चलते राज्य की कम से कम 84 सड़कें बाधित हो गई हैं। देहरादून, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, हरिद्वार, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट लागू है।

हिमाचल प्रदेश में भी 20 जुलाई और उसके बाद दो दिनों तक भारी बारिश का अनुमान है। मंडी, चंबा, शिमला, सिरमौर और कांगड़ा जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर के जम्मू, बारामूला, कुपवाड़ा, गांदरबल, अनंतनाग, पुलवामा, शोपियां, कुलगाम, श्रीनगर, किश्तवाड़, रामबन, रियासी, उधमपुर, राजौरी, पुंछ, कठुआ और सांबा में 20 से 23 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र