Lucknow News: कंगना रनौत के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, महिला कार्यकर्ताओं ने फूंका पुतला, माफी तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ राजधानी लखनऊ में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। माल एवेन्यू चौराहे पर बड़ी संख्या में जुटीं महिला कार्यकर्ताओं ने कंगना रनौत का पुतला फूंकते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी की और सार्वजनिक माफी की मांग उठाई।
‘बेटियों का अपमान’ बताकर जताया विरोध
प्रदर्शन कर रही कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कंगना रनौत ने देश की बेटियों के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘गटर छाप’ कहा, जिससे महिलाओं और बेटियों का अपमान हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक कंगना रनौत सार्वजनिक रूप से देश की बेटियों से माफी नहीं मांगतीं, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
भाजपा पर महिला सम्मान को लेकर साधा निशाना
कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा महिला सम्मान और महिला आरक्षण की बात तो करती है, लेकिन महिलाओं के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर दोहरा रवैया अपनाती है। उन्होंने कहा कि देश की बेटियों ने जंतर-मंतर पर पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन किया और युवाओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई, जिसके बाद केंद्र सरकार पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का दबाव बना।
महिला कार्यकर्ताओं ने आंदोलन जारी रखने का किया ऐलान
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उन बेटियों के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पूरे देश की महिलाओं का अपमान है और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि जब तक कंगना रनौत सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगतीं, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इस प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता समेत सैकड़ों महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
