तमिलनाडु में हर विधायक को नई सरकारी कार और 75 हजार रुपये मासिक भत्ता, सीएम विजय के ऐलान से उठे सवाल

2026_8image_21_13_503612524tamil

चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को राज्य के सभी 233 विधायकों को नई सरकारी कार देने का ऐलान किया। इसके साथ ही प्रत्येक विधायक को ड्राइवर, पेट्रोल और वाहन के रखरखाव के खर्च के लिए हर महीने 75 हजार रुपये का भत्ता देने की घोषणा भी की गई है। सरकार का कहना है कि विधायकों को अपने क्षेत्रों में लगातार यात्रा करनी पड़ती है और इस व्यवस्था से वे अपने दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकेंगे।

कर्ज के बीच विधायकों के लिए नई व्यवस्था पर सवाल

सरकार की इस घोषणा को लेकर राज्य में सवाल भी उठने लगे हैं। खास तौर पर इसलिए क्योंकि सरकार गठन के करीब एक महीने बाद ही मुख्यमंत्री विजय ने राज्य का खजाना खाली होने की बात कही थी। 16 जून को सरकार की ओर से जारी श्वेत पत्र में तमिलनाडु पर 13.18 लाख करोड़ रुपये का कर्ज बताया गया था।

ऐसे में 233 विधायकों के लिए सरकारी वाहन और हर महीने 75 हजार रुपये के भत्ते की घोषणा को लेकर वित्तीय बोझ पर चर्चा शुरू हो गई है।

सरकार ने बताया फैसले का कारण

मुख्यमंत्री विजय ने इस फैसले का बचाव करते हुए कहा कि विधायकों को अपने विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों की निगरानी के साथ जनता से मुलाकात और अधिकारियों के साथ समन्वय के लिए लगातार यात्रा करनी पड़ती है। सरकारी वाहन उपलब्ध होने से उन्हें अपने काम को अधिक पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त तरीके से करने में मदद मिलेगी।

सरकार का यह भी कहना है कि पहली बार निर्वाचित कई विधायक सामान्य आर्थिक पृष्ठभूमि से आते हैं और उनके लिए बड़े स्तर पर क्षेत्र में यात्रा करना आसान नहीं होता। नई व्यवस्था का उद्देश्य उनकी आधिकारिक जिम्मेदारियों के निर्वहन को सुगम बनाना है।

दो विधायकों वाली पार्टी की मांग, पूरी विधानसभा को फायदा

यह घोषणा मुख्यमंत्री के सहयोगी दल वीसीके के विधायक जोतिमणि की मांग के बाद किए जाने की बात कही गई है। विधानसभा में वीसीके के दो विधायक हैं। जोतिमणि ने विधायकों के लिए वाहन की व्यवस्था की मांग रखी थी, जिसे मुख्यमंत्री ने पूरी विधानसभा के लिए लागू करने का ऐलान कर दिया।

जोतिमणि के पास 85.47 लाख रुपये की संपत्ति है और उनके नाम 2012 मॉडल की टोयोटा इटियोस कार दर्ज है।

तमिलनाडु के विधायकों की औसत संपत्ति 48.35 करोड़ रुपये

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की रिपोर्ट के अनुसार, तमिलनाडु के विधायक देश के सबसे अधिक औसत संपत्ति वाले विधायकों में शामिल हैं। रिपोर्ट में तमिलनाडु के विधायकों की औसत संपत्ति 48.35 करोड़ रुपये बताई गई है। 2021 में यह आंकड़ा 12.27 करोड़ रुपये था।

रिपोर्ट के मुताबिक, तमिलनाडु विधानसभा के 233 में से 193 विधायक यानी करीब 83 प्रतिशत विधायक करोड़पति हैं, जबकि 40 विधायक करोड़पति नहीं हैं।

कौन है सबसे अमीर और किसके पास सबसे कम संपत्ति

तमिलनाडु विधानसभा में सबसे अधिक संपत्ति वाली विधायक अन्नाद्रमुक की लालगुड़ी से विधायक लीमारोज मार्टिन हैं। उनके पास 5,863.72 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति बताई गई है।

इस सूची में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय दूसरे स्थान पर हैं। उनकी घोषित संपत्ति 648 करोड़ रुपये है। विधानसभा में नौ ऐसे विधायक भी हैं, जिनकी संपत्ति 100 करोड़ रुपये से अधिक है।

वहीं, सबसे कम संपत्ति टीवीके की रानीपेत से विधायक ताहिरा के पास बताई गई है। उनकी कुल संपत्ति 33 हजार रुपये है। पेरंबलूर से टीवीके विधायक शिवकुमार के. के पास 1.96 लाख रुपये की संपत्ति बताई गई है।

कारों की खरीद पर 46.80 करोड़ रुपये का खर्च

सरकार की प्रस्तावित व्यवस्था के खर्च का अनुमान लगाया जाए तो 233 विधायकों के लिए यदि औसतन 20 लाख रुपये की एक कार खरीदी जाती है, तो वाहन खरीदने पर करीब 46.80 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

इसके अलावा 75 हजार रुपये प्रति विधायक मासिक भत्ते के हिसाब से हर महीने करीब 1.75 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सालाना आधार पर ड्राइवर, पेट्रोल और रखरखाव के लिए यह राशि 21 करोड़ रुपये से अधिक होगी।

कर्ज के ब्याज में हर दिन जा रहे करीब 184 करोड़ रुपये

तमिलनाडु पर 13.18 लाख करोड़ रुपये का कर्ज बताया गया है और राज्य देश के बड़े कर्जदार राज्यों में शामिल है। वर्ष 2025-26 में सरकार को कर्ज के ब्याज के रूप में 67,050 करोड़ रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। यह राशि प्रतिदिन औसतन करीब 184 करोड़ रुपये बैठती है।

वहीं, वर्ष 2026-27 के अंतरिम बजट अनुमानों के अनुसार ब्याज का खर्च बढ़कर 78,677 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। इस हिसाब से प्रतिदिन औसतन करीब 215 करोड़ रुपये ब्याज के भुगतान में जाने की बात कही गई है। ऐसे में राज्य के भारी कर्ज और बढ़ते ब्याज खर्च के बीच विधायकों के लिए वाहन और भत्ते की नई व्यवस्था को लेकर वित्तीय प्रबंधन पर सवाल उठ रहे हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र