BJP का झंडा उतारा, 36 घंटे में बदला पाला! संजयन त्रिपाठी ने सपा का थामा दामन, अखिलेश ने बनाया उम्मीदवार

6ac0c5a8936a8-dr-sanjayan-tripat

लखनऊ: बीजेपी से एमएलसी टिकट न मिलने से नाराज चल रहे डॉ. संजयन त्रिपाठी ने शनिवार को समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक सीट से टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने बीजेपी का झंडा उतारकर विरोध जताया था। इसके बाद से ही उनके बीजेपी छोड़ने की अटकलें लगाई जा रही थीं, जिन पर अब विराम लग गया है।

संजयन त्रिपाठी के सपा में शामिल होते ही पार्टी ने उन्हें गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक सीट से अपना प्रत्याशी भी घोषित कर दिया है। सपा ने यहां पहले घोषित उम्मीदवार कमलेश यादव की जगह संजयन त्रिपाठी को मैदान में उतारा है।

योगी के साथ सीखी राजनीति, फिर सपा में पहुंचे

खास बात यह है कि कुछ समय पहले ही डॉ. संजयन त्रिपाठी ने अपनी राजनीतिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा था कि उनकी राजनीति की शुरुआत गोरखनाथ मंदिर से हुई थी। उन्होंने कहा था कि उन्होंने राजनीति का ककहरा योगी आदित्यनाथ के साथ सीखा है।

उनके इस बयान के करीब 36 घंटे के भीतर ही उन्होंने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ले ली। इसके बाद उनके राजनीतिक रुख को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

‘मुझे पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर किया गया’

लखनऊ रवाना होने से पहले संजयन त्रिपाठी ने आजतक से बातचीत में बीजेपी से अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि बीजेपी का झंडा उतारने के बाद उन्हें मनाने के लिए कोई नहीं आया।

उन्होंने बीजेपी पर बाहरी लोगों को महत्व देने और लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया था। संजयन त्रिपाठी का कहना था कि पिछले छह वर्षों में उनकी मेहनत को नजरअंदाज किया गया और उन्हें प्रत्याशी बनाने का भरोसा देकर गुमराह किया गया।

उन्होंने कहा था कि उन्होंने बीजेपी छोड़ी नहीं, बल्कि उन्हें पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर किया गया। उनके मुताबिक, पार्टी में ऐसा माहौल बना दिया गया था कि उन्हें घुटन महसूस होने लगी थी और आखिरकार उन्हें बीजेपी छोड़नी पड़ी।

अखिलेश यादव ने किया स्वागत, त्याग करने वालों को सम्मान का भरोसा

समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद अखिलेश यादव ने संजयन त्रिपाठी समेत पार्टी में आए लोगों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अपनी सीट छोड़ी है, उन्हें समय आने पर उचित सम्मान दिया जाएगा।

अखिलेश यादव ने इस दौरान शिक्षा व्यवस्था को लेकर बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है और सबसे ज्यादा पेपर लीक हुए हैं। उन्होंने स्कूली शिक्षा की व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई संस्थानों में गिरोह बन गए हैं।

एमएलसी चुनाव के लिए बीजेपी ने भी घोषित किए उम्मीदवार

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सेमीफाइनल माने जा रहे एमएलसी चुनाव के लिए बीजेपी ने भी अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की है। पार्टी ने वाराणसी स्नातक सीट से केदारनाथ सिंह, मेरठ से दिनेश गोयल और इलाहाबाद-झांसी से अशोक कुमार राठौर को मैदान में उतारा है।

वहीं वाराणसी शिक्षक सीट से डॉ. प्रमोद मिश्रा, आगरा से इंजीनियर हरि किशोर तिवारी और गोरखपुर-फैजाबाद से ध्रुव त्रिपाठी को टिकट दिया गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र