पाकिस्तान में आतंकियों का बड़ा हमला, DSP समेत 11 पुलिसकर्मी शहीद; जवाबी कार्रवाई में 18 हमलावर ढेर

0121
इस्लामाबाद: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को आतंकवादियों ने पुलिस की एक टीम को निशाना बनाकर बड़ा हमला किया। इस हमले में पुलिस उपाधीक्षक (DSP) समेत 11 पुलिसकर्मी शहीद हो गए, जबकि 12 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हमले के दौरान और इसके बाद हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 18 आतंकियों को भी मार गिराया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

खैबर पख्तूनख्वा पुलिस के जनसंपर्क विभाग के मुताबिक, पुलिसकर्मी स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर कोहाट शहर के पास दरबोकच इलाके में संयुक्त अभियान चला रहे थे। इसी दौरान आतंकवादियों ने उन पर हमला कर दिया। पुलिस की टीम अवैध सोने की खुदाई रोकने के अभियान के लिए गंबट इलाके की ओर जा रही थी।

पहाड़ियों से अचानक शुरू हुई गोलीबारी

जानकारी के अनुसार, पुलिस का काफिला कोहाट और करक के बीच दरबोकच जलंधर बांदा इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान पहाड़ियों पर छिपे हमलावरों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस प्रवक्ता मोहम्मद नौमान जैब के अनुसार, हमले में कई जवान घायल हो गए। आतंकियों ने पुलिस की पांच गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया।

हमले के बाद दोनों तरफ से भारी गोलीबारी हुई। आतंकियों की ओर से लगातार फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने 18 हमलावरों को मार गिराया। हालांकि, इस कार्रवाई में पुलिस को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा।

DSP हैदर जमां समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत

पुलिस के मुताबिक, शहीद होने वालों में गंबट के पुलिस उपाधीक्षक हैदर जमां और उपनिरीक्षक मुख्तियार भी शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जिला मुख्यालय शिक्षण अस्पताल में आपात स्थिति घोषित कर दी गई।

हमले के बाद अतिरिक्त पुलिस बल और दूसरे सुरक्षा दलों को घटनास्थल पर भेजा गया। हालात पर काबू पाने और आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस का एक बड़ा दस्ता भी तैनात किया गया।

TTP से जुड़े आतंकियों पर शक, किसी संगठन ने नहीं ली जिम्मेदारी

खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे आपराधिक तत्वों और आतंकवादियों के बीच गठजोड़ का परिणाम बताया। साथ ही शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

अब तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, घटना के पीछे फितना-अल-खवारिज का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। पाकिस्तानी सरकार इस नाम का इस्तेमाल प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े आतंकियों के लिए करती है। मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हमले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र