JEE Advanced 2027: तीन अटेम्प्ट की मांग खारिज, छात्रों को मिलेगी बड़ी सुविधा; 23 मई को होगी परीक्षा

neet_exam_103_1794637116830_rnTD_1794637120978_KvSF_9f84fac8-2635-4864-b0a3-dd370402bf10_y66C
नई दिल्ली: आईआईटी में दाखिले का सपना देख रहे इंजीनियरिंग अभ्यर्थियों को जेईई एडवांस्ड 2027 में तीसरा मौका नहीं मिलेगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए अधिकतम दो प्रयासों की सीमा बरकरार रखी गई है। हजारों छात्र इस सीमा को बढ़ाकर तीन करने की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी मांग स्वीकार नहीं की गई। हालांकि, इस बार अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान ऑन-स्क्रीन कैलकुलेटर की सुविधा मिलेगी। जेईई एडवांस्ड 2027 का आयोजन 23 मई को आईआईटी दिल्ली की ओर से किया जाएगा।

दरअसल, 12 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस्ड की पात्रता शर्तों की समीक्षा करने की मांग उठाई थी। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय, आईआईटी काउंसिल और जॉइंट एडमिशन बोर्ड (JAB) से परीक्षा में शामिल होने के प्रयासों की सीमा पर दोबारा विचार करने का आग्रह किया था। अपनी याचिका में छात्रों ने चिकित्सा आपातस्थिति, पारिवारिक परिस्थितियों और परीक्षा के तनाव जैसी वजहों का हवाला दिया था। उनका कहना था कि इन कारणों से उनकी तैयारी प्रभावित हो सकती है और आईआईटी में दाखिला पाने का अवसर भी कम हो सकता है। इससे पहले आईआईटी कानपुर के निदेशक मनिंद्र अग्रवाल ने प्रयासों की संख्या बढ़ाए जाने के संकेत दिए थे।

परीक्षा में ऑन-स्क्रीन कैलकुलेटर की सुविधा

जेईई एडवांस्ड 2027 में अभ्यर्थियों को कंप्यूटर स्क्रीन पर ही कैलकुलेटर उपलब्ध कराया जाएगा। यह 10 से 12 अंकों की डिस्प्ले वाला सामान्य यानी गैर-वैज्ञानिक कैलकुलेटर होगा। छात्रों को परीक्षा केंद्र पर अलग से कैलकुलेटर ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस सुविधा का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सहज बनाना है।

आईआईटी दिल्ली ने जेईई एडवांस्ड 2027 के लिए आधिकारिक वेबसाइट भी शुरू कर दी है। पोर्टल पर परीक्षा की तारीख, पात्रता संबंधी नियम और अन्य जरूरी जानकारियां उपलब्ध करा दी गई हैं। हालांकि, पंजीकरण की तारीख और विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।

कौन कर सकेगा जेईई एडवांस्ड 2027 के लिए आवेदन?

नियमों के अनुसार, वही अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने पहली बार वर्ष 2026 या 2027 में भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित विषयों के साथ 12वीं या समकक्ष परीक्षा दी हो। एक अभ्यर्थी लगातार दो वर्षों में अधिकतम दो बार ही जेईई एडवांस्ड की परीक्षा दे सकता है।

वर्ष 2025 या उससे पहले पहली बार 12वीं की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी सामान्य रूप से जेईई एडवांस्ड 2027 के लिए पात्र नहीं होंगे। इसके अलावा आयु सीमा और आरक्षण से संबंधित निर्धारित शर्तों को भी पूरा करना जरूरी होगा। इन नियमों की विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

जेईई मेन के शीर्ष 2.50 लाख अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका

एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के करियर काउंसलिंग विशेषज्ञ अमित आहूजा के मुताबिक, शुक्रवार को वेबसाइट पर जारी सूचना में वर्ष 2026 और 2027 में 12वीं पास करने वाले विद्यार्थियों को जेईई एडवांस्ड के लिए पात्र बताया गया है।

जेईई मेन के आधार पर चुने गए शीर्ष 2.50 लाख अभ्यर्थी जेईई एडवांस्ड में शामिल हो सकेंगे। इनमें सामान्य श्रेणी के 1,01,250, ईडब्ल्यूएस के 25,000, ओबीसी के 67,500, एससी के 37,500 और एसटी के 18,750 विद्यार्थी शामिल होंगे।

उम्र और आईआईटी में सीट आवंटन से जुड़े नियम

परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 अक्टूबर 2002 के बाद की होनी चाहिए। इसके अलावा, ऐसे विद्यार्थी भी इस वर्ष परीक्षा के लिए पात्र रहेंगे, जिन्हें पिछले साल जोसा काउंसलिंग के दौरान आईआईटी में सीट आवंटित हुई थी, लेकिन उन्होंने ऑनलाइन रिपोर्ट नहीं किया था या चौथे राउंड तक अपनी सीट वापस ले ली थी।

 

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र