Vande Bharat Sleeper: टिकट कैंसिल कराया तो कटेगा 100% तक किराया, जानें बुकिंग से लेकर रिफंड तक के नियम
टिकट बुकिंग के साथ-साथ कैंसिलेशन के नियम भी यात्रियों के लिए अहम हैं। कन्फर्म टिकट रद्द कराने पर ट्रेन के रवाना होने में बचे समय के हिसाब से 25 से 100 फीसदी तक किराया कट सकता है। ऐसे में टिकट लेने से पहले रिफंड से जुड़े प्रावधानों को समझना जरूरी है।
वंदे भारत स्लीपर में तत्काल टिकट की सुविधा नहीं
कई नियमित ट्रेनों में यात्री तत्काल कोटे के तहत यात्रा से एक दिन पहले टिकट बुक कर सकते हैं, लेकिन वंदे भारत स्लीपर में यह विकल्प उपलब्ध नहीं होगा। इस ट्रेन में केवल सामान्य एडवांस रिजर्वेशन पीरियड के तहत ही टिकट बुक किए जा सकेंगे। इसका मतलब है कि यात्रियों को अपनी यात्रा की तारीख पहले से तय करके आरक्षण कराना होगा।
RAC और वेटिंग टिकट पर नहीं मिलेगी एंट्री
वंदे भारत स्लीपर में RAC और प्रतीक्षा सूची के टिकट जारी करने का प्रावधान भी नहीं रखा गया है। दूसरी ट्रेनों में RAC या वेटिंग टिकट मिलने पर चार्ट तैयार होने तक सीट कन्फर्म होने की संभावना रहती है, लेकिन इस ट्रेन में ऐसी सुविधा नहीं मिलेगी। रेलवे के तय नियमों के अनुसार, यात्रियों को केवल कन्फर्म टिकट ही उपलब्ध कराया जाएगा।
60 दिन पहले तक करा सकते हैं टिकट की बुकिंग
वंदे भारत स्लीपर के लिए सामान्य एडवांस रिजर्वेशन पीरियड यानी ARP के तहत टिकट बुकिंग की जा सकती है। भारतीय रेलवे की मौजूदा सामान्य आरक्षण व्यवस्था में ज्यादातर ट्रेनों के लिए 60 दिन पहले तक टिकट बुक कराने की सुविधा है। इस अवधि की गणना करते समय यात्रा वाले दिन को शामिल नहीं किया जाता।
टिकट कैंसिल कराने पर कितना कटेगा किराया?
वंदे भारत स्लीपर का कन्फर्म टिकट लेने के बाद अगर किसी कारण से यात्रा रद्द करनी पड़ती है तो रिफंड के नियमों का ध्यान रखना होगा। रेलवे के प्रावधानों के मुताबिक, ट्रेन के रवाना होने का समय जितना नजदीक होगा, कैंसिलेशन चार्ज उतना ही अधिक लगेगा। निर्धारित समय सीमा के आधार पर टिकट के किराये में कटौती की जाएगी।
कैंसिलेशन के लिए रेलवे ने तय किए ये नियम
- ट्रेन छूटने से 72 घंटे से अधिक समय पहले टिकट रद्द कराने पर किराये का 25 फीसदी कैंसिलेशन चार्ज कटेगा।
- ट्रेन छूटने से 72 घंटे से 8 घंटे पहले तक टिकट कैंसिल कराने पर किराये का 50 फीसदी शुल्क देना होगा।
- ट्रेन छूटने में 8 घंटे से कम समय बचने पर टिकट रद्द कराने की स्थिति में कोई रिफंड नहीं मिलेगा। यानी किराये का 100 फीसदी नुकसान होगा।
