टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बॉलीवुड में अलर्ट! दो बड़े सितारों की सुरक्षा बढ़ाकर की गई Y+
मुंबई पुलिस के मुताबिक, जिन दो अभिनेताओं की सुरक्षा बढ़ाई गई है, उनमें से एक को पहले एक्स श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई थी, जिसे अब वाई प्लस कर दिया गया है। वहीं, दूसरे अभिनेता को पहले वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी। अब उनकी सुरक्षा भी बढ़ाकर वाई प्लस श्रेणी में कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा का स्तर केवल धमकी मिलने के आधार पर तय नहीं होता, बल्कि खतरे की गंभीरता और उससे जुड़े अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखा जाता है।
पुलिस की यह समीक्षा सिर्फ उन कलाकारों तक सीमित नहीं है, जिन्हें सीधे धमकियां मिली हैं। उन सितारों को भी सुरक्षा के लिहाज से परखा जा रहा है, जिनके करीबी संबंध ऐसे कलाकारों से बताए जाते हैं जो कथित तौर पर किसी गैंग के निशाने पर रहे हैं। कुछ कलाकारों के परिवार के सदस्यों को भी एक्स श्रेणी की सुरक्षा दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
कलाकारों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ उनकी आवाजाही को लेकर भी एहतियाती कदम उठाए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, बॉलीवुड सितारों से मुंबई से बाहर यात्रा करने से पहले अपना प्रस्तावित रूट पुलिस के साथ साझा करने को कहा गया है। इसके बाद संबंधित स्थान पर पहले से सुरक्षा जांच की जाएगी। इस प्रक्रिया को ‘डेस्टिनेशन सैनिटाइजेशन’ कहा जाता है। कलाकार की यात्रा की जानकारी संबंधित स्थानीय पुलिस थाने को भी दी जाएगी, ताकि जरूरत के मुताबिक सुरक्षा इंतजाम किए जा सकें।
वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा में कुल 11 सुरक्षाकर्मी तैनात होते हैं। इनमें कमांडो भी शामिल हो सकते हैं। इस व्यवस्था का मकसद संबंधित व्यक्ति को संभावित खतरे से बचाना और सार्वजनिक गतिविधियों के दौरान उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद उठाए गए इन कदमों से फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की बढ़ती सतर्कता का संकेत मिलता है। फिलहाल सुरक्षा समीक्षा जारी है। आने वाले दिनों में कुछ अन्य कलाकारों की सुरक्षा में भी बदलाव हो सकता है। पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा श्रेणी तय करने का अंतिम फैसला खतरे के आकलन और सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर लिया जाता है।
