बर्फीले पहाड़ों पर अब नहीं फिसलेंगे जवानों के कदम! माइनस 30 डिग्री में भी गर्म रहेंगे पैर, सेना खरीदेगी खास स्की बूट

ice

जम्मू: बर्फ से ढके ऊंचे पहाड़ों पर तैनात भारतीय सेना के जवानों को अब फिसलन और कड़ाके की ठंड से निपटने में बड़ी मदद मिल सकती है। सेना बारामुला के गुलमर्ग स्थित हाई एल्टीट्यूड वॉरफेयर स्कूल के लिए विशेष टैक्टिकल स्की बूट खरीदने जा रही है। इसके तहत 22 जोड़ी जूते खरीदे जाएंगे। इनका मकसद बर्फीले और दुर्गम इलाकों में प्रशिक्षण के दौरान जवानों को बेहतर पकड़, आराम और सुरक्षा देना है। खास बात यह है कि इन जूतों का इस्तेमाल माइनस 30 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान में भी किया जा सकेगा।

प्रत्येक जूते का वजन अधिकतम 1,950 ग्राम निर्धारित किया गया है। हल्के वजन के कारण पहाड़ी और बर्फीले रास्तों पर लंबी दूरी तय करते समय जवानों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा। इन जूतों की बनावट ऐसी होगी कि जवान जरूरत के मुताबिक स्कीइंग करने के साथ पैदल भी चल सकेंगे। इसके लिए इनमें विशेष स्की-वॉक मैकेनिज्म दिया जाएगा, जिससे दोनों गतिविधियों के बीच आसानी से बदलाव किया जा सकेगा।

बर्फ पर फिसलने से बचाएगा खास सोल

इन टैक्टिकल स्की बूट में ग्रिप वॉक सोल लगाया जाएगा। इसकी मदद से बर्फीली सतह पर बेहतर पकड़ मिलेगी और फिसलने का खतरा कम होगा। इसके अलावा जूतों में थर्मल इंसुलेशन की सुविधा भी होगी, जो बेहद कम तापमान में जवानों के पैरों को गर्म रखने में मदद करेगी।

पैरों के हिसाब से बदलेगी जूतों की फिटिंग

इन विशेष जूतों में 45 डिग्री तक मुड़ने वाले कफ दिए जाएंगे। इससे पहाड़ी रास्तों पर चढ़ाई और उतराई के दौरान पैरों को मोड़ना आसान होगा। इनमें हीट-मोल्डेबल शेल और लाइनर भी लगाए जाएंगे। इस तकनीक के जरिए जूतों को जवानों के पैरों की बनावट के अनुसार ढालकर बेहतर फिटिंग सुनिश्चित की जा सकेगी।

सेना की इस खरीद का मकसद अत्यधिक ठंड और बर्फबारी वाले इलाकों में जवानों की आवाजाही को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है। विशेष स्की बूट मिलने से कठिन पहाड़ी परिस्थितियों में प्रशिक्षण के साथ-साथ सैन्य अभियानों के दौरान भी जवानों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र