कुलगाम में लश्कर कमांडर लतीफ भट घिरा, सुरक्षाबलों ने वीडियो कॉल कर दिया सरेंडर का मौका; आतंकी ने कही ये बात

018

कुलगाम: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह से सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस दौरान लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष कमांडर लतीफ भट सुरक्षाबलों के घेरे में फंस गया है। सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने का एक मौका देते हुए वीडियो कॉल किया। अधिकारियों ने बातचीत के जरिए उसे हथियार डालने और बाहर आने के लिए समझाने की कोशिश की। इस बातचीत का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अधिकारी लतीफ भट से कहते सुनाई दे रहे हैं कि हम तुम्हारे साथ हैं। हालांकि, आतंकी ने सरेंडर करने से इनकार कर दिया।

वीडियो कॉल पर सुरक्षाबलों से क्या बोला लतीफ भट?

सामने आए वीडियो में एक सुरक्षा अधिकारी लतीफ भट से बातचीत करते हुए उसे आत्मसमर्पण करने के लिए समझाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। अधिकारी उसे भरोसा दिलाते हुए कहता है, “हम तुम्हारे साथ हैं।”

लेकिन लतीफ भट ने हथियार डालने से इनकार कर दिया। उसने जवाब में कहा, “मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। मैं बहुत खुश हूं।” इसके बाद भी सुरक्षाबलों ने इलाके में अपना अभियान जारी रखा। बुधवार सुबह होने से पहले ही इलाके में दोबारा गोलीबारी शुरू हो गई थी।

साथी उमर निसार डार पहले ही मारा गया

लतीफ भट का करीबी साथी उमर निसार डार सोमवार को कुलगाम में हुई मुठभेड़ में मारा गया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, दोनों 11 नवंबर को अखरान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की चौकी पर हुए हमले में शामिल थे। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए थे।

डार के मारे जाने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी और घेराबंदी अभियान तेज कर दिया। इस मामले में पूछताछ के लिए अब तक 500 से अधिक लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।

CCTV फुटेज में हमले से पहले रेकी करते दिखे आतंकी

पुलिस ने मंगलवार को हमले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज जारी किए थे। इनमें उमर निसार डार और लतीफ भट को 11 नवंबर के हमले से पहले इलाके की रेकी करते हुए देखा गया। फुटेज के आधार पर दोनों की गतिविधियों का विश्लेषण कर उनकी पहचान की गई।

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को डार ने लश्कर कमांडर लतीफ भट के साथ मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम सहित कई इलाकों का जायजा लिया था। दोनों का मकसद संभावित ठिकानों की पहचान करना और सुरक्षा बलों पर हमले की योजना तैयार करना था।

जांच में सामने आया कि अगले दिन यानी 11 नवंबर को दोनों ने अखरान स्थित सीआरपीएफ चौकी को निशाना बनाया और वारदात के बाद वहां से फरार हो गए। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में रेकी के दौरान उनकी गतिविधियों के साथ-साथ हमले के बाद भागते हुए भी देखा गया। बाद में उमर निसार डार के लापता होने पर उसके परिवार ने कुलगाम के एक पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई थी।

पांच-छह महीने से लतीफ भट को पनाह दे रहा था डार

पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि उमर निसार डार पिछले पांच से छह महीनों से लतीफ भट को पनाह देने और उसकी मदद करने में जुटा था। जांच एजेंसियों के अनुसार, स्थानीय स्तर पर आतंकी गतिविधियों में सक्रिय लतीफ भट का नाम इससे पहले भी कई हमलों में सामने आ चुका है।

पुलिस के मुताबिक, लतीफ भट 22 जुलाई को अनंतनाग में पुलिस पर हुए आतंकी हमले में भी शामिल था। उस हमले में एक पुलिसकर्मी बलिदान हो गया था। फिलहाल कुलगाम में सुरक्षाबलों का अभियान जारी है और लतीफ भट को घेरकर आत्मसमर्पण कराने की कोशिश की जा रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र