कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी का बड़ा बयान, बोले- ‘भारत आर्थिक आपदा की कगार पर’, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
‘युवाओं को अपना भविष्य नजर नहीं आ रहा’
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी ने कहा कि भारत आर्थिक आपदा की कगार पर खड़ा है। उन्होंने बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की खामियों को देश के सामने मौजूद बड़ी चुनौतियों में शामिल किया।
उन्होंने कहा, “सीधी बात यह है कि भारत एक आर्थिक आपदा की कगार पर है। आप चाहें तो इसे नजरअंदाज कर सकते हैं, लेकिन देश में बेरोजगारी की बहुत बड़ी समस्या है और शिक्षा व्यवस्था में भी गंभीर दिक्कतें हैं।”
युवाओं की स्थिति पर चर्चा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि खासतौर पर पढ़े-लिखे मध्यवर्गीय परिवारों के युवा अपने भविष्य को लेकर परेशान हैं। उन्हें आगे बढ़ने और रोजगार हासिल करने के पर्याप्त अवसर दिखाई नहीं दे रहे हैं। उनके मुताबिक, युवाओं की निराशा की सबसे बड़ी वजह यह है कि उन्हें अपने भविष्य की कोई स्पष्ट दिशा नजर नहीं आती।
छात्रों से बातचीत का जिक्र कर बताया युवाओं का दर्द
राहुल गांधी ने अपने छात्र संवाद कार्यक्रम का हवाला देते हुए कहा कि वहां बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में करीब 50 से 70 हजार छात्र शामिल हुए थे। बातचीत के दौरान लगभग सभी के मन में एक ही सवाल था कि पढ़ाई पूरी करने के बाद वे क्या करेंगे और उनके सामने रोजगार के कौन से रास्ते होंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों की बातें सुनकर उन्हें काफी दुख हुआ। युवा उनसे पूछ रहे थे कि अब उन्हें क्या करना चाहिए और अपने भविष्य के लिए कहां जाना चाहिए। उन्होंने इस अनुभव के जरिए देश में रोजगार को लेकर युवाओं की चिंता सामने रखी।
चुनाव प्रचार में बढ़ते खर्च और नतीजों पर भी उठाए सवाल
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने चुनाव प्रचार में इस्तेमाल होने वाले पैसे को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि चुनाव प्रचार पर होने वाला खर्च पहले के मुकाबले 20 से 50 गुना तक बढ़ गया है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर चुनावों में इतनी बड़ी रकम कहां से आ रही है।
कांग्रेस नेता ने कुछ कड़े चुनावी मुकाबलों का जिक्र करते हुए दावा किया कि कई सीटों पर अचानक पांच लाख वोटों के अंतर से जीत दर्ज की गई। उन्होंने इन नतीजों को लेकर संदेह जताया और चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी की आशंका भी जाहिर की।
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष को इन परिस्थितियों को समझने में समय लगा। उनके मुताबिक, पिछले पांच वर्षों से विपक्ष इन घटनाक्रमों को लेकर सवाल उठा रहा था और धीरे-धीरे पूरे मामले को समझने की कोशिश करता रहा।
शिकागो यूनिवर्सिटी में विदेश नीति पर होगी चर्चा
अमेरिका के दो दिवसीय दौरे पर गए राहुल गांधी का अगला कार्यक्रम शिकागो यूनिवर्सिटी में निर्धारित है। बुधवार को वहां वे भू-राजनीतिक परिस्थितियों और ईरान संघर्ष के बीच भारत की विदेश नीति के सामने मौजूद चुनौतियों पर चर्चा करने वाले हैं।
इसके अलावा राहुल गांधी इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के सदस्यों के साथ भी बैठक करेंगे। उनके अमेरिकी दौरे के दौरान विश्वविद्यालयों में होने वाले संवाद और भारत से जुड़े राजनीतिक एवं आर्थिक मुद्दों पर दिए गए बयान चर्चा में हैं।
