मैदान पर दिखी खेल भावना! भारत से हार के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने किया ऐसा काम, वीडियो ने जीता लोगों का दिल
क्रिकेट से अलग फुटबॉल के मैदान पर दिखा भाईचारा
भारत और पाकिस्तान के बीच हाल के क्रिकेट मुकाबलों में खिलाड़ियों के टॉस और मैच के बाद हाथ मिलाने से परहेज करने की तस्वीरें सामने आती रही हैं। पुरुषों के साथ महिला टीमों के मुकाबलों में भी यह स्थिति देखने को मिली है। अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद दोनों देशों के बीच बढ़े सैन्य तनाव के बाद क्रिकेट के मैदान पर यह दूरी और साफ नजर आई।
ऐसे माहौल में फुटबॉल फाइनल के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों का भारतीय टीम को गार्ड ऑफ ऑनर देना खास माना जा रहा है। मेडल समारोह के दौरान भी दोनों देशों के खिलाड़ियों ने हाथ मिलाए और एक-दूसरे को हाई-फाइव दिया।
ग्रुप मुकाबले में भी खिलाड़ियों ने मिलाया था हाथ
टूर्नामेंट के दौरान दोनों टीमों के बीच आपसी सम्मान का ऐसा दृश्य पहली बार नहीं दिखा। 5 नवंबर को ग्रुप चरण के मुकाबले से पहले भारतीय टीम के कोच नौशाद मूसा ने स्पष्ट किया था कि उनकी टीम सामान्य तरीके से अभिवादन करेगी। इसके बाद भारतीय कप्तान विजय वर्गीस और पाकिस्तान के कप्तान यूसुफ इजाज बट ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया था।
फाइनल के बाद भी खिलाड़ियों ने इसी परंपरा को आगे बढ़ाया और मैदान पर खेल भावना का परिचय दिया।
सुहैल और संदीप के गोल से भारत ने पलटा मैच
खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले हाफ के इंजरी टाइम में आलमगीर गाजी के गोल की बदौलत 1-0 की बढ़त बना ली थी। इसके बाद भारतीय टीम बराबरी की कोशिश में जुटी रही। मैच के 59वें मिनट में वीडियो सहायक रेफरी (VAR) की मदद से खतरनाक टैकल के लिए पाकिस्तान के जुनैद शाह को रेड कार्ड दिखाया गया। इसके बाद पाकिस्तानी टीम को 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।
भारत ने इस मौके का फायदा उठाया और अगले ही मिनट यानी 60वें मिनट में सुहैल अहमद भट ने गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया। मुकाबला बराबरी पर चल रहा था, तभी 88वें मिनट में संदीप मंडी ने निर्णायक गोल कर भारत को 2-1 से जीत दिला दी।
भारत ने लगातार तीसरी बार जीता खिताब
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने SAFF चैंपियनशिप का अपना 10वां खिताब हासिल किया। टीम ने लगातार तीसरी बार यह ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, पाकिस्तान की टीम पहली बार इस प्रतियोगिता के फाइनल तक पहुंची थी।
छह देशों की इस प्रतियोगिता में भारत ने अपनी मुख्य सीनियर टीम के बजाय युवा खिलाड़ियों को मौका दिया था। टीम की कमान अंडर-23 कोच नौशाद मूसा के हाथों में थी। युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब भारत के नाम कर दिया।
