महंगा कच्चा तेल बना भारत की जेब पर बड़ा बोझ, अक्टूबर में 60% उछला तेल-गैस आयात बिल; LPG की खपत में भारी गिरावट

0233

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल का असर भारत के आयात खर्च पर साफ दिखाई देने लगा है। अक्टूबर में देश का तेल और गैस आयात बिल सालाना आधार पर 60 प्रतिशत बढ़कर 16 अरब डॉलर पहुंच गया। पिछले साल इसी महीने यह खर्च 10 अरब डॉलर था। पेट्रोलियम मंत्रालय के पेट्रोलियम योजना एवं विश्लेषण प्रकोष्ठ (पीपीएसी) के आंकड़ों के मुताबिक, ब्रेंट क्रूड की औसत कीमत में करीब दोगुनी बढ़ोतरी इस भारी उछाल की प्रमुख वजह रही। दूसरी ओर, देश में रसोई गैस यानी एलपीजी की खपत में गिरावट दर्ज की गई है।

कच्चे तेल की कीमतों ने बढ़ाया आयात का खर्च

अक्टूबर में ब्रेंट क्रूड की औसत कीमत 124.77 डॉलर प्रति बैरल रही, जबकि पिछले साल अक्टूबर में यह 64.75 डॉलर थी। सितंबर में ब्रेंट क्रूड का औसत भाव 116.77 डॉलर प्रति बैरल दर्ज किया गया था।

इसी तरह भारतीय बास्केट के कच्चे तेल की औसत कीमत भी अक्टूबर में बढ़कर 119.91 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई। एक साल पहले इसी महीने यह कीमत 65.08 डॉलर प्रति बैरल थी।

कीमतों में भारी उछाल के साथ आयात की मात्रा भी बढ़ी। अक्टूबर में भारत ने 2.33 करोड़ टन कच्चे तेल का आयात किया, जो पिछले साल के मुकाबले 11 प्रतिशत अधिक है। वहीं, एलएनजी के आयात पर 1.3 अरब डॉलर खर्च किए गए। दूसरी तरफ पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात से देश को 6.3 अरब डॉलर की कमाई हुई।

अप्रैल से अक्टूबर तक आयात बिल 97.7 अरब डॉलर पहुंचा

चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से अक्टूबर के बीच भी तेल आयात का खर्च तेजी से बढ़ा है। इन सात महीनों में भारत का शुद्ध आयात बिल बढ़कर 97.7 अरब डॉलर हो गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 70.3 अरब डॉलर था।

इस दौरान मात्रा के लिहाज से कच्चे तेल का आयात 2.7 प्रतिशत बढ़ा, लेकिन इसके लिए देश को 111 अरब डॉलर खर्च करने पड़े। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में कच्चे तेल के आयात पर 72.3 अरब डॉलर खर्च हुए थे। आंकड़े बताते हैं कि आयात की मात्रा में सीमित बढ़ोतरी के बावजूद कीमतों ने कुल खर्च को काफी बढ़ा दिया है।

रसोई गैस की खपत में 12.3 प्रतिशत की गिरावट

तेल आयात बिल बढ़ने के बीच देश में एलपीजी की खपत में कमी आई है। पीपीएसी के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में एलपीजी की खपत 12.3 प्रतिशत घट गई। अप्रैल से अक्टूबर के बीच इसमें 15.1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

घरेलू एलपीजी ग्राहकों की संख्या में भी कमी आई है। इस साल 1 नवंबर को देश में सक्रिय घरेलू एलपीजी ग्राहकों की संख्या 32.6 करोड़ थी, जबकि 1 अप्रैल को यह आंकड़ा 33.4 करोड़ दर्ज किया गया था।

घरेलू और थोक एलपीजी बिक्री में भी बड़ी गिरावट

अक्टूबर के दौरान सरकारी तेल कंपनियों की घरेलू एलपीजी बिक्री में 11.8 प्रतिशत की कमी आई। वहीं, थोक एलपीजी बिक्री में गिरावट का आंकड़ा 49.1 प्रतिशत रहा।

हालांकि, इस दौरान ऑटो एलपीजी की बिक्री में 23.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस तरह अक्टूबर में रसोई गैस की मांग कमजोर रही, जबकि वाहनों में इस्तेमाल होने वाली एलपीजी की बिक्री में तेजी देखने को मिली।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र