महंगाई का एक और झटका! लखनऊ समेत यूपी के 5 शहरों में महंगी हुई CNG-PNG, अब चुकाने होंगे इतने रुपये
लखनऊ में अब 110 रुपये किलो मिलेगी सीएनजी
लखनऊ में सीएनजी की कीमत 108 रुपये से बढ़ाकर 110 रुपये प्रति किलो कर दी गई है। वहीं, घरों में पाइपलाइन के जरिए पहुंचने वाली पीएनजी की दर 56.50 रुपये से बढ़कर 57.50 रुपये प्रति एससीएम हो गई है। कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर वाहन चालकों के साथ ही घरेलू रसोई के बजट पर भी पड़ेगा।
आगरा, उन्नाव, अयोध्या और सुलतानपुर में भी बढ़े दाम
ग्रीन गैस लिमिटेड की नई दरों के मुताबिक आगरा में सीएनजी 108 रुपये से बढ़कर 110 रुपये प्रति किलो हो गई है। उन्नाव में इसके दाम 105 रुपये से बढ़ाकर 107 रुपये प्रति किलो कर दिए गए हैं। वहीं, अयोध्या और सुलतानपुर में सीएनजी की कीमत 106 रुपये से बढ़कर 108 रुपये प्रति किलो हो गई है।
पीएनजी की कीमतों में भी इन सभी शहरों में एक रुपये प्रति एससीएम की वृद्धि की गई है। आगरा में नई दर 57.50 रुपये, उन्नाव में 57 रुपये और अयोध्या व सुलतानपुर में 58.50 रुपये प्रति एससीएम निर्धारित की गई है।
देखें पांचों शहरों में CNG-PNG की नई कीमतें
| शहर | सीएनजी (रुपये प्रति किलो) | पीएनजी (रुपये प्रति एससीएम) |
|---|---|---|
| लखनऊ | 110 | 57.50 |
| आगरा | 110 | 57.50 |
| उन्नाव | 107 | 57 |
| अयोध्या | 108 | 58.50 |
| सुलतानपुर | 108 | 58.50 |
क्यों बढ़े सीएनजी और पीएनजी के दाम?
कंपनी के डीजीएम-मार्केटिंग प्रवीण सिंह के अनुसार, सर्दियों में प्राकृतिक गैस की मांग बढ़ने और वैश्विक स्तर पर आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता के कारण रीगैसिफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस (आरएलएनजी) की खरीद लागत बढ़ गई है। इसी वजह से सीएनजी और पीएनजी की खुदरा कीमतों में बदलाव किया गया है।
