चेतक हेलीकॉप्टरों की जगह लेंगे नए विमान! 15 हजार करोड़ रुपये में नौसेना और तटरक्षक बल के लिए खरीदे जाएंगे 76 हेलीकॉप्टर
विदेशी कंपनियों के साथ घरेलू कंपनियां भी दौड़ में
इस रक्षा खरीद के लिए कई विदेशी और भारतीय कंपनियां दावेदारी पेश कर सकती हैं। यूरोप की कुछ प्रमुख विमानन कंपनियों के अलावा टाटा समूह और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) को भी संभावित दावेदार माना जा रहा है।
खरीद प्रक्रिया को ‘बाय एंड मेक (इंडियन)’ श्रेणी के तहत आगे बढ़ाया जा सकता है। इस व्यवस्था में विदेशी कंपनियों को भारतीय साझेदारों के साथ मिलकर हेलीकॉप्टरों का निर्माण करना होगा। इससे रक्षा उत्पादन में घरेलू कंपनियों की भागीदारी बढ़ेगी और देश के स्वदेशी रक्षा विनिर्माण क्षेत्र को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सिर्फ सैनिकों को लाने-ले जाने तक सीमित नहीं होगी भूमिका
प्रस्तावित हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल सैनिकों और सैन्य उपकरणों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के अलावा कई अहम अभियानों में किया जाएगा। समुद्री निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और समुद्री सुरक्षा से जुड़े ऑपरेशन में भी इनकी भूमिका होगी।
इसके साथ ही खोज एवं बचाव अभियान चलाने और समुद्र में घायल या संकट में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की जिम्मेदारी भी इन हेलीकॉप्टरों पर होगी। इस तरह ये नौसेना और तटरक्षक बल के लिए बहुउपयोगी विमान साबित हो सकते हैं।
युद्धपोतों से उड़ान और लैंडिंग के लिए होंगी खास खूबियां
नौसेना के युद्धपोतों से संचालन को ध्यान में रखते हुए नए हेलीकॉप्टरों में विशेष तकनीकी क्षमताएं जरूरी होंगी। इनका आकार ऐसा होना चाहिए कि युद्धपोतों पर सीमित जगह में इन्हें आसानी से रखा जा सके। इसके लिए रोटर ब्लेड को मोड़ने यानी फोल्ड करने की सुविधा भी महत्वपूर्ण होगी।
हेलीकॉप्टरों को समुद्र के खराब मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी प्रभावी ढंग से काम करने में सक्षम होना होगा। निगरानी, खोज एवं बचाव और सैन्य अभियानों में इनकी व्यापक भूमिका को देखते हुए आधुनिक तकनीक से लैस होना भी जरूरी होगा।
