30 जनवरी से पटरी पर दौड़ेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, उत्तर बिहार को सीधा फायदा; जानिए पूरा रूट और टाइमिंग

छपरा। रेलवे ने यात्रियों को तेज, सुरक्षित और किफायती यात्रा सुविधा देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। डिब्रूगढ़–गोमतीनगर–डिब्रूगढ़ अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस (15949/15950) के नियमित संचालन की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। यह नई ट्रेन सेवा उत्तर बिहार और पूर्वांचल के यात्रियों के लिए सीधा लाभ लेकर आएगी।
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 15949 डिब्रूगढ़ से 30 जनवरी से जबकि ट्रेन संख्या 15950 गोमतीनगर से 1 फरवरी से नियमित रूप से संचालित होगी। डिब्रूगढ़ से यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार और गोमतीनगर से प्रत्येक रविवार को चलेगी।
उत्तर बिहार और पूर्वांचल को मिलेगा सीधा रेल कनेक्शन
इस नई अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से छपरा, सीवान, हाजीपुर समेत उत्तर बिहार के प्रमुख इलाकों को तेज और सीधी रेल सेवा उपलब्ध होगी। साथ ही पूर्वांचल के यात्रियों को भी लंबी दूरी की यात्रा में समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी अमृत भारत एक्सप्रेस
गैर-वातानुकूलित श्रेणी की यह प्रीमियम अमृत भारत एक्सप्रेस कटिहार, बरौनी, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा, सीवान, देवरिया सदर और गोरखपुर होते हुए गोमतीनगर तक जाएगी। इस रूट पर कई बड़े जंक्शन शामिल होने से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
डिब्रूगढ़ से गोमतीनगर तक का पूरा समय सारिणी
डिब्रूगढ़ से चलने वाली ट्रेन संख्या 15949 रात 9 बजे प्रस्थान करेगी। यह फरकाटिंग, दीमापुर, गुवाहाटी, कामाख्या, न्यू जलपाईगुड़ी, कटिहार, बरौनी, हाजीपुर और सोनपुर होते हुए छपरा सुबह 2:50 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन सीवान, देवरिया सदर, गोरखपुर, खलीलाबाद, मनकापुर, अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट और बाराबंकी से गुजरते हुए गोमतीनगर दोपहर 1:30 बजे पहुंचेगी।

वापसी यात्रा का शेड्यूल
वापसी में ट्रेन संख्या 15950 गोमतीनगर से शाम 6:40 बजे रवाना होगी। यह उसी मार्ग से चलते हुए अगले दिन सुबह 5:20 बजे छपरा पहुंचेगी और इसके बाद तीसरे दिन डिब्रूगढ़ पहुंचेगी।
कोच संरचना और यात्रियों को सुविधाएं
इस अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 8 शयनयान कोच, 11 सामान्य द्वितीय श्रेणी कोच, 2 एसएलआरडी और 1 पेंट्रीकार शामिल होगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस सेवा से यात्रियों को कम खर्च में बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा का अनुभव मिलेगा।
