RAC टिकट वालों के लिए रेलवे का बड़ा फैसला, अब एसी कोच में मिलेगा पूरा बेडरोल किट, बोर्ड ने जारी किए सख्त निर्देश
जम्मू: रेलवे में आरएसी टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब एसी श्रेणी के कोच में यात्रा करने वाले आरएसी यात्रियों को भी कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों की तरह पूरा बेडरोल किट उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें चादर, कंबल और तकिया सहित सभी आवश्यक सामान शामिल होंगे। हालांकि यह सुविधा एसी चेयर कार में यात्रा करने वाले यात्रियों पर लागू नहीं होगी।
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को दिए निर्देश
रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में सभी जोनल रेलवे को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि आरएसी टिकट पर यात्रा करने वाले प्रत्येक पात्र यात्री को निर्धारित बेडरोल किट उपलब्ध कराई जाए। साथ ही अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि नियमों का सख्ती से पालन हो और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
शिकायतों के बाद लिया गया फैसला
रेलवे बोर्ड के पास लगातार ऐसी शिकायतें पहुंच रही थीं कि कई ट्रेनों में आरएसी टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को या तो बेडरोल नहीं दिया जा रहा था या फिर उन्हें अधूरा किट उपलब्ध कराया जा रहा था। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बोर्ड ने दोबारा निर्देश जारी किए हैं ताकि सभी यात्रियों को समान सुविधा मिल सके।
इन एसी श्रेणियों में मिलेगी पूरी सुविधा
रेलवे के निर्देशों के अनुसार एसी प्रथम श्रेणी, एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी समेत संबंधित एसी श्रेणियों में आरएसी टिकट पर यात्रा करने वाले प्रत्येक यात्री को पूरा बेडरोल किट दिया जाएगा। भले ही आरएसी यात्रियों को सीट साझा करनी पड़े, लेकिन उनकी बेडरोल सुविधा में कोई कटौती नहीं की जाएगी।
अधिकारियों को निगरानी के निर्देश
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे से कहा है कि संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को इन निर्देशों की पूरी जानकारी दी जाए। साथ ही व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए ताकि किसी भी आरएसी यात्री को बेडरोल किट देने में लापरवाही न हो। रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस संबंध में मिलने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा।
