Budget 2026 से पहले सीनियर सिटीजन्स को बड़ी राहत? ट्रेन टिकट में फिर मिल सकती है छूट, सरकार कर रही है मंथन

नई दिल्ली: बजट 2026 जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे सीनियर सिटीजन्स के लिए बड़ी राहत की उम्मीदें भी तेज होती जा रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय रेलवे की लंबे समय से बंद पड़ी सीनियर सिटीजन कंसेशन सुविधा को एक बार फिर बहाल किया जा सकता है। इस मुद्दे पर बजट से पहले वित्त मंत्रालय और रेलवे मंत्रालय के बीच गंभीर स्तर पर चर्चा चल रही है। यदि प्रस्ताव को हरी झंडी मिलती है, तो 60 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष और 58 वर्ष से ज्यादा आयु की महिलाएं दोबारा ट्रेन टिकट में छूट का लाभ उठा सकेंगी।
कोविड काल में बंद हुई थी सीनियर सिटीजन कंसेशन
कोरोना महामारी के दौरान मार्च 2020 में रेलवे सेवाओं पर व्यापक असर पड़ा था। यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट और राजस्व संकट के चलते रेलवे ने कई रियायतों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया था। इसी दौरान सीनियर सिटीजन्स को मिलने वाली टिकट छूट भी सस्पेंड कर दी गई थी। उस समय रेलवे की दलील थी कि यह सुविधा पहले से ही सब्सिडी पर चल रही व्यवस्था पर अतिरिक्त वित्तीय दबाव डालती है।
रेलवे की पुरानी सुविधा, जिससे करोड़ों बुजुर्गों को मिला था लाभ
भारतीय रेलवे दशकों से सीनियर सिटीजन्स को किराए में विशेष छूट देता आ रहा था। पहले व्यवस्था के तहत पुरुष यात्रियों को 40 प्रतिशत और महिला यात्रियों को 50 प्रतिशत तक की छूट मिलती थी। यह कंसेशन स्लीपर, थर्ड एसी, सेकेंड एसी और फर्स्ट एसी समेत लगभग सभी श्रेणियों में लागू था। टिकट बुकिंग के दौरान केवल उम्र दर्ज करनी होती थी और किसी अतिरिक्त दस्तावेज या कार्ड की जरूरत नहीं पड़ती थी। यह सुविधा IRCTC ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और रेलवे काउंटर, दोनों जगह उपलब्ध थी।
हजारों करोड़ के घाटे के चलते लिया गया था फैसला
महामारी के दौरान रेलवे को हजारों करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा था। उस समय सरकार ने स्पष्ट किया था कि सीनियर सिटीजन कंसेशन पर हर साल करीब 1600 से 2000 करोड़ रुपये का खर्च आता है। यही वजह रही कि ट्रेन सेवाएं सामान्य होने और किराए में बढ़ोतरी के बावजूद यह सुविधा अब तक बहाल नहीं की गई।

Budget 2026 में फिर मिल सकती है खुशखबरी
सूत्रों के अनुसार, बजट 2026 से पहले हुई बैठकों में सीनियर सिटीजन कंसेशन को दोबारा शुरू करने पर विचार किया गया है। सरकार इस दिशा में सकारात्मक रुख अपनाती दिख रही है। यदि बजट में इसका ऐलान होता है, तो देशभर के करोड़ों बुजुर्ग यात्रियों को रेल सफर में सीधी आर्थिक राहत मिलेगी।
सीनियर सिटीजन्स के लिए क्यों अहम है यह फैसला
रेलवे की यह रियायत सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि बुजुर्गों के लिए सुरक्षित और सुलभ यात्रा सुनिश्चित करने का माध्यम भी रही है। खासतौर पर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले सीनियर सिटीजन्स के लिए यह सुविधा बेहद उपयोगी मानी जाती है। बजट 2026 में यदि यह प्रस्ताव मंजूर होता है, तो इसे बुजुर्गों के हित में सरकार का बड़ा कदम माना जाएगा।
