रात में खाना खाने के तुरंत बाद ब्रश करना पड़ सकता है भारी, जानिए दांतों को सुरक्षित रखने का सही समय और तरीका

हर कोई चाहता है कि उसके दांत मजबूत और स्वस्थ रहें, और इसके लिए रोजाना ब्रश करना सबसे जरूरी आदत मानी जाती है। लेकिन सिर्फ सही तरीके से ब्रश करना ही काफी नहीं है, सही समय पर ब्रश करना भी उतना ही अहम होता है। अक्सर लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि रात का खाना खाने के बाद दांत ब्रश कब करना चाहिए। कई लोग खाना खत्म करते ही ब्रश को सही मानते हैं, लेकिन डेंटल एक्सपर्ट्स की राय इससे थोड़ी अलग है।

ब्रश करना क्यों है जरूरी, जानिए दांतों के अंदर क्या होता है
खाना खाने के बाद दांतों की सतह पर प्लाक बनने लगता है। यह एक चिपचिपी सफेद परत होती है, जिसमें बैक्टीरिया पनपते हैं। इंडियन डेंटल एसोसिएशन के अनुसार, ये बैक्टीरिया खाने में मौजूद शुगर को एसिड में बदल देते हैं। यही एसिड दांतों की ऊपरी परत यानी इनेमल को नुकसान पहुंचाता है और धीरे-धीरे कैविटी की शुरुआत होती है। अगर प्लाक को समय पर साफ न किया जाए, तो यह सख्त होकर टार्टर बन जाता है, जो मसूड़ों पर जमकर सूजन और आगे चलकर गम डिजीज का कारण बन सकता है।

क्या खाना खाते ही ब्रश करना सही है?
आमतौर पर यह माना जाता है कि खाना खत्म करते ही ब्रश कर लेना सबसे अच्छा होता है, लेकिन ऐसा हर बार सही नहीं है। खासकर तब, जब आपने एसिडिक या मसालेदार खाना खाया हो। ऐसे मामलों में तुरंत ब्रश करना दांतों को फायदा पहुंचाने के बजाय नुकसान भी पहुंचा सकता है।

खाने के कितनी देर बाद ब्रश करना चाहिए
मायो क्लिनिक के मुताबिक, एसिडिक फूड या ड्रिंक लेने के तुरंत बाद ब्रश करने से दांतों की ऊपरी परत घिस सकती है। दरअसल, एसिड पहले ही इनेमल को नरम कर देता है और उस वक्त ब्रश करने से यह परत और ज्यादा डैमेज हो जाती है।
डेली मेल की एक रिपोर्ट के अनुसार, न्यूयॉर्क टाइम्स से बातचीत में डेंटल एक्सपर्ट डॉ. हॉवर्ड आर. गैम्बल ने बताया कि तुरंत ब्रश करने से एसिड दांतों की गहराई तक चला सकता है, जिससे इनेमल और डेंटिन दोनों को नुकसान होता है। रिसर्च में यह भी सामने आया कि सॉफ्ट ड्रिंक पीने के 30 मिनट के भीतर ब्रश करने से दांत तेजी से कमजोर होने लगते हैं।

रिसर्च क्या कहती है, जानिए सही इंतजार का समय
एक अध्ययन में वॉलंटियर्स के मुंह में डेंटिन के सैंपल रखकर अलग-अलग समय पर ब्रश करने का असर देखा गया। नतीजों में पाया गया कि सॉफ्ट ड्रिंक पीने के 20 मिनट के अंदर ब्रश करने से दांतों को साफ नुकसान हुआ। वहीं, मसालेदार या एसिडिक खाना खाने के बाद करीब एक घंटे का इंतजार करने से इस नुकसान से बचा जा सका। रिसर्चर्स का कहना है कि दांतों की सुरक्षा के लिए ऐसे खाने के बाद कम से कम 30 मिनट का गैप जरूर रखना चाहिए, ताकि लार को एसिड को न्यूट्रल करने का समय मिल सके।

दांतों को स्वस्थ रखने का सही तरीका क्या है
डेंटल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, रात का खाना खाने के बाद तुरंत ब्रश करने के बजाय 30 से 60 मिनट का इंतजार करना सबसे सुरक्षित माना जाता है। इस दौरान आप सादा पानी पी सकते हैं या मुंह अच्छी तरह कुल्ला कर सकते हैं। इससे एसिड का असर कम होता है और ब्रश करने पर दांतों को नुकसान नहीं पहुंचता।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र