साइबर ठग के फोन में आपका WhatsApp लॉगिन है या नहीं? ऐसे करें 3 आसान स्टेप में चेक और बचें हैकिंग से

डिजिटल दुनिया में WhatsApp हमारी रोज़मर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है, लेकिन इसी के चलते साइबर अपराधियों की निगाहें भी इसे लेकर तेज हो गई हैं। हाल के महीनों में व्हाट्सएप हैकिंग के मामले तेजी से बढ़े हैं, जहां हैकर्स यूजर्स के अकाउंट पर कब्जा करके उनके संपर्कों से पैसे ऐंठते हैं या बैंक अकाउंट खाली कर देते हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2025 में अकेले तमिलनाडु में ऐसे 3,000 से ज्यादा मामले दर्ज हुए, जबकि पूरे भारत में WhatsApp हर महीने औसतन 98 लाख अकाउंट्स को स्कैम और पॉलिसी उल्लंघन के कारण ब्लॉक कर रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़ी सी सतर्कता से इन ठगियों से बचा जा सकता है।
ठगी के आम तरीके
साइबर अपराधी व्हाट्सएप अकाउंट हैक करने के लिए सोशल इंजीनियरिंग और तकनीकी कमजोरियों का फायदा उठाते हैं। आम तौर पर यह तरीके इस्तेमाल किए जाते हैं:
- फर्जी कॉल्स और मैसेजेस: अपराधी खुद को डिलीवरी एजेंट, बैंक अधिकारी या व्हाट्सएप सपोर्ट बताकर ओटीपी शेयर करने या लिंक क्लिक करने के लिए उकसाते हैं।
- कॉल फॉरवर्डिंग का दुरुपयोग: हैकर्स यूजर के फोन पर कॉल फॉरवर्डिंग एक्टिव कर देते हैं, जिससे बैंक ओटीपी उनके पास पहुंच जाते हैं। दिल्ली में एक स्कूल टीचर का केस इसका उदाहरण है, जिसमें 6.98 लाख रुपये कॉल फॉरवर्डिंग के जरिए उड़ गए।
- घोस्ट पेयरिंग वल्नरेबिलिटी: CERT-In ने हाल ही में ‘घोस्ट पेयरिंग’ नाम की कमजोरी पर अलर्ट जारी किया। इसमें हैकर्स बिना पासवर्ड या सिम स्वैप के अकाउंट को मिरर कर लेते हैं और मैसेजेस, फोटोज तक एक्सेस कर लेते हैं। अकाउंट हैक होने पर अपराधी यूजर के नाम से पैसे मांगते हैं या फर्जी लिंक भेजते हैं।
व्हाट्सएप अकाउंट को कैसे सुरक्षित रखें
भारतीय साइबरक्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने हाल ही में @CyberDost हैंडल पर तीन आसान स्टेप शेयर किए हैं, जिन्हें अपनाकर आप हैकिंग से बच सकते हैं:

- Linked Devices चेक करें: WhatsApp सेटिंग्स में जाकर ‘Linked Devices’ देखें। अगर कोई अज्ञात डिवाइस जुड़ा है, तुरंत लॉग आउट करें। इससे हैकर्स अकाउंट मिरर नहीं कर पाएंगे।
- प्राइवेसी – एडवांस्ड सेटिंग्स: ‘Block unknown accounts’ ऑन करें, ‘Protect IP address in calls’ एक्टिव करें और ‘Disable link previews’ चुनें। ये फीचर्स फिशिंग अटैक्स से बचाते हैं।
- टू-स्टेप वेरिफिकेशन इनेबल करें: सेटिंग्स में 6-अंकीय PIN सेट करें। इससे ओटीपी मिलने पर भी हैकर्स अकाउंट एक्सेस नहीं कर पाएंगे।
इन तीन आसान स्टेप्स को अपनाकर आप अपने व्हाट्सएप अकाउंट को साइबर ठगों से सुरक्षित रख सकते हैं और डिजिटल फ्रॉड से बच सकते हैं।
