2 राज्यों में हार, गुजरात में जीत… उपचुनाव नतीजों पर BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का पहला रिएक्शन, आत्ममंथन का किया ऐलान

nitin-nabin-1785782098

नई दिल्ली: गुजरात, बिहार और मध्य प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी तीनों सीटों पर मिले जनादेश का सम्मान करती है। साथ ही बिहार के बांकीपुर और मध्य प्रदेश के दतिया में मिली हार पर गंभीर आत्ममंथन करने की बात कही, जबकि गुजरात की मांजलपुर सीट पर मिली जीत के लिए मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

हार पर क्या बोले नितिन नवीन?

नितिन नवीन ने अपने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा कि तीनों विधानसभा उपचुनावों के जनादेश को भाजपा स्वीकार करती है। उन्होंने कहा कि गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा जताया है, जिसके लिए वह वहां के मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने इस जीत के लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बधाई भी दी।

बांकीपुर और दतिया की हार पर आत्ममंथन की बात

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बांकीपुर और दतिया विधानसभा सीटों पर पार्टी को अपेक्षित जनादेश नहीं मिला। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों के चुनाव परिणामों का पूरी गंभीरता से आत्ममंथन किया जाएगा। साथ ही नई ऊर्जा और संकल्प के साथ जनता के बीच जाकर उनका विश्वास और अधिक मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जाएगा।

मांजलपुर सीट पर भाजपा की बड़ी जीत

गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार सतेन्द्रभाई पटेल ने जीत दर्ज की। उन्हें 55,481 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के भीखाभाई रबारी को 24,851 मत प्राप्त हुए। इस तरह भाजपा उम्मीदवार ने 30,630 वोटों के अंतर से चुनाव अपने नाम किया।

बांकीपुर में प्रशांत किशोर ने दर्ज की जीत

बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर विजयी रहे। उन्हें 64,151 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 44,827 मत प्राप्त हुए। इस मुकाबले में प्रशांत किशोर ने 19,324 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। यह जन सुराज पार्टी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है क्योंकि विधानसभा में पार्टी का यह पहला विधायक होगा। पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली थी।

दतिया में कांग्रेस के खाते में गई सीट

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने जीत हासिल की। उन्हें 66,757 वोट मिले, जबकि भाजपा के आशुतोष तिवारी को 60,741 मत प्राप्त हुए। कांग्रेस उम्मीदवार ने 6,016 वोटों के अंतर से भाजपा प्रत्याशी को पराजित किया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र