जौनपुर यार्ड रीमॉडलिंग का असर: कानपुर होकर चलने वाली 30 ट्रेनों का बदला रूट, कई ट्रेनें कैंसल और डायवर्ट

indian_railway_train_1728402845481_1777875500254

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। जौनपुर रेलवे स्टेशन पर चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते कानपुर होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। रेलवे प्रशासन ने 30 ट्रेनों को डायवर्ट करने का फैसला लिया है, जबकि कानपुर-लखनऊ रेलखंड पर ट्रैक मरम्मत के कारण कई ट्रेनें निरस्त भी रहेंगी।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यात्रियों को सफर से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लेना चाहिए।

इन ट्रेनों का बदला गया रूट

एनसीआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार 09065 सूरत-छपरा स्पेशल ट्रेन 4, 11, 18 और 25 मई को परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। यह ट्रेन जौनपुर, औंड़िहार, बांसपहाड़, ओहन, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, प्रयागराज रामबाग, बनारस, वाराणसी, वाराणसी सिटी और औंड़िहार होकर जाएगी।

वहीं 09066 छपरा-सूरत स्पेशल 13, 20 और 27 मई को औंड़िहार, वाराणसी सिटी, वाराणसी, बनारस, प्रयागराज रामबाग, प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, ओहन और बांसपहाड़ के रास्ते चलाई जाएगी।

इसके अलावा 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस 13 मई से 27 मई तक बदले हुए मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन औंड़िहार, वाराणसी सिटी, वाराणसी, बनारस, प्रयागराज रामबाग, प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, ओहन, बांसपहाड़, जौनपुर, मिर्जापुर, विंध्याचल, प्रयागराज छिवकी, शंकरगढ़ और मानिकपुर होकर संचालित होगी।

इसी तरह 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस भी 12 मई से 26 मई तक परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएगी।

कानपुर-लखनऊ रूट पर 17 ट्रेनें रहेंगी निरस्त

रेल प्रशासन कानपुर-लखनऊ रेलमार्ग पर गंगा पुल की डाउन लाइन पर ट्रैक मरम्मत का कार्य करा रहा है। इस वजह से 13 मई तक इस रूट पर मेगा और पावर ब्लॉक लागू रहेगा।

रेलवे के अनुसार कानपुर-लखनऊ मेमू समेत 17 ट्रेनों को निरस्त किया गया है। वहीं स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस और अयोध्या वंदे भारत सहित 29 ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा या बीच के स्टेशनों पर टर्मिनेट कर वापस भेजा जाएगा।

रेलवे अधिकारियों ने ट्रैक स्थल का निरीक्षण करने के बाद डायवर्ट और निरस्त ट्रेनों की सूची को अंतिम मंजूरी दी है।

झांसी में दो हिस्सों में बंटी मालगाड़ी

इधर झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रैक पर शनिवार को एक मालगाड़ी तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। कपलिंग टूटने की वजह से ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई, जिससे कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित हो गया।

जानकारी के मुताबिक झांसी से बांदा की ओर जा रही मालगाड़ी रानीपुर रेलवे स्टेशन पार करने के बाद अचानक रुक गई। बताया जा रहा है कि कपलिंग टूटने से ट्रेन का एक हिस्सा आगे और दूसरा पीछे रह गया।

घटना के बाद करीब आधे घंटे तक मालगाड़ी ट्रैक पर खड़ी रही। सूचना मिलने पर रेलवे कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और दोनों हिस्सों को जोड़कर ट्रेन को मऊरानीपुर स्टेशन तक लाया गया।

जांच और मरम्मत के बाद मालगाड़ी को दोबारा रवाना कर दिया गया। इस दौरान झांसी-मानिकपुर रेलखंड पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र