Gold-Silver Price Today: ऐतिहासिक गिरावट के बाद सोना-चांदी में लगातार दूसरे दिन जोरदार उछाल, बाजार में लौटी रफ्तार

silver-freepik-1-1770175981

31 जनवरी से 2 फरवरी तक तीन दिन चली ऐतिहासिक गिरावट के बाद सोना और चांदी एक बार फिर मजबूती के रास्ते पर लौटते नजर आ रहे हैं। बुधवार को लगातार दूसरे दिन दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में तेजी दर्ज की गई, जिससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हलचल तेज हो गई है।

इंटरनेशनल मार्केट में सोना-चांदी की तेज चाल
खबर लिखे जाने तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 2.35 प्रतिशत यानी 116.24 डॉलर की बढ़त के साथ 5054.75 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली और यह 2.61 प्रतिशत यानी 2.22 डॉलर चढ़कर 87.33 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

दिनभर रिकॉर्ड उतार-चढ़ाव का दौर
बुधवार को सोने ने इंट्राडे कारोबार में 4910.35 डॉलर के निचले स्तर से उछलकर 5065.31 डॉलर का ऊपरी स्तर छू लिया। वहीं चांदी भी 83.24 डॉलर के इंट्राडे लो से बढ़ते हुए 88.24 डॉलर के इंट्राडे हाई तक पहुंच गई। बीते कुछ दिनों से सोने-चांदी की कीमतों में असाधारण उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, जिसने निवेशकों की धड़कनें बढ़ा दी हैं।

दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी 24 हजार रुपये उछली
घरेलू बाजार की बात करें तो मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी शानदार रिकवरी देखने को मिली। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमतों में एक ही दिन में 24,000 रुपये यानी 9.23 प्रतिशत की तेजी आई और यह 2,84,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। इससे पहले सोमवार को चांदी 52,000 रुपये की भारी गिरावट के बाद 2,60,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। गौरतलब है कि 29 जनवरी को चांदी 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम के लाइफटाइम हाई पर पहुंची थी, जहां से सिर्फ तीन दिनों में इसमें 1,44,500 रुपये यानी करीब 36 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

सोने के भाव में भी मजबूत रिकवरी
चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी मजबूती लौटी है। मंगलवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 5000 रुपये यानी 3.3 प्रतिशत चढ़कर 1,57,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले सोमवार को इसका बंद भाव 1,52,700 रुपये प्रति 10 ग्राम था। 29 जनवरी को सोना 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर था, जहां से अब तक इसमें करीब 30,300 रुपये यानी लगभग 17 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है। तीन दिन की गिरावट के दौरान चांदी की तुलना में सोने के दाम अपेक्षाकृत कम गिरे, जबकि चांदी में गिरावट दोगुने से भी ज्यादा रही।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र