IND W vs ZIM W: भारत की बेटियों का धमाका, जिम्बाब्वे को 92 रन से रौंदकर सीरीज पर 3-0 से किया कब्जा

000-6 (1)
रायपुर: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने तीसरे और आखिरी टी-20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 92 रन से करारी शिकस्त देकर तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया, जबकि गेंदबाजों ने भी जिम्बाब्वे की टीम को बड़े लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया।

शेफाली वर्मा ने खेली तूफानी पारी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और अनुष्का शर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई। अनुष्का ने 20 गेंदों पर 28 रन बनाए, जबकि शेफाली ने महज 37 गेंदों में 69 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।

शेफाली की आक्रामक बल्लेबाजी ने भारतीय पारी को मजबूत आधार दिया। इसके बाद हरमनप्रीत कौर के साथ उनकी 84 रनों की साझेदारी ने टीम के बड़े स्कोर की नींव रखी।

हरमनप्रीत कौर ने 41 गेंदों में ठोके नाबाद 91 रन

पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मैदान पर उतरते ही जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उन्होंने महज 41 गेंदों में नाबाद 91 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 10 चौके और 5 छक्के निकले।

हरमनप्रीत की शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 216 रन बनाए। जिम्बाब्वे की ओर से बिलव्ड बिजा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किए, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों की रफ्तार पर लगाम नहीं लगा सकीं।

124 रन ही बना सकी जिम्बाब्वे की टीम

217 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत खराब रही। टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही और भारतीय गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई।

जिम्बाब्वे की ओर से शार्ने मायर्स ने 49 गेंदों में 60 रन बनाकर मुकाबले में टिकने की कोशिश की। वहीं, बिलव्ड बिजा ने 44 रन का योगदान दिया। इन दोनों के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सकी। जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 124 रन ही बना पाई और भारत ने मुकाबला 92 रन से जीत लिया।

नंदिनी शर्मा ने झटके तीन विकेट

भारतीय गेंदबाजों ने भी जीत में अहम भूमिका निभाई। नंदिनी शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। उनके अलावा क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, दीप्ति शर्मा और निकी प्रसाद ने एक-एक विकेट लिया।

भारतीय टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन करते हुए आखिरी मुकाबला अपने नाम किया और तीन मैचों की टी-20 सीरीज 3-0 से जीतकर जिम्बाब्वे का सूपड़ा साफ कर दिया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र