गाजा पर इजरायल का अक्टूबर के बाद सबसे बड़ा हमला: ट्रंप की 20 सूत्रीय योजना लागू होने से पहले 23 की मौत, महिलाओं-बच्चों में हड़कंप

gaza-attack-1769850075

गाजा पट्टी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शांति प्रयासों के बीच हालात एक बार फिर बिगड़ते नजर आ रहे हैं। शनिवार तड़के इजरायल ने गाजा पर बड़ा सैन्य हमला किया, जिसमें कम से कम 23 फलस्तीनी नागरिकों की मौत हो गई। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। नासिर और शिफा अस्पताल प्रशासन ने मौतों की पुष्टि की है। यह हमला अक्टूबर 2025 में हुए संघर्ष-विराम के बाद अब तक सबसे घातक हमलों में से एक माना जा रहा है।

अपार्टमेंट और टेंट कैंप बने निशाना
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, इजरायली हमलों में गाजा सिटी के एक रिहायशी अपार्टमेंट और खान यूनिस में स्थित एक टेंट कैंप को निशाना बनाया गया। शिफा अस्पताल ने बताया कि गाजा सिटी में हुए हमले में एक मां, तीन बच्चे और उनका एक रिश्तेदार मारे गए। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले में तीन बच्चों के साथ उनकी चाची और दादी की भी मौत हुई है।

खान यूनिस में आग से जले लोग
नासिर अस्पताल के अनुसार, खान यूनिस के टेंट कैंप पर हुए हमले के बाद वहां भीषण आग लग गई। इस घटना में सात लोगों की जान चली गई, जिनमें एक पिता, उसके तीन बच्चे और तीन पोते-पोतियां शामिल हैं। कुल मिलाकर इस हमले में दो अलग-अलग परिवारों के दो महिलाएं और छह बच्चों की मौत हुई है, जिससे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

राफा क्रॉसिंग खुलने से ठीक पहले हमला
यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब रविवार को राफा क्रॉसिंग को खोलने की तैयारी चल रही है। राफा क्रॉसिंग गाजा में मानवीय सहायता और लोगों की आवाजाही के लिए बेहद अहम माना जाता है। हमले के बाद इजरायली सेना की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।

युद्धविराम के बाद भी नहीं थमी हिंसा
गाजा के सरकारी मीडिया कार्यालय के अनुसार, अक्टूबर 2025 में अमेरिका की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम के बाद से अब तक इजरायली सैन्य कार्रवाइयों में 524 से अधिक फलस्तीनी मारे जा चुके हैं। वहीं गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी 500 से ज्यादा मौतों की पुष्टि की है। लगातार हो रही हिंसा ने युद्धविराम की मजबूती पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मानवीय संकट और गहराया
गाजा में हालात पहले से ही बेहद खराब बने हुए हैं। सर्दी, बारिश और पर्याप्त सहायता की कमी के कारण लाखों विस्थापित लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच हुए ताजा हमले ने मानवीय संकट को और गहरा कर दिया है।

ट्रंप की गाजा योजना पर मंडराया संकट
ये घटनाएं ऐसे वक्त सामने आई हैं, जब ट्रंप प्रशासन की गाजा से जुड़ी 20 सूत्रीय योजना के अगले चरण पर चर्चा चल रही है। इस चरण में हथियारों के निरस्त्रीकरण और पुनर्निर्माण जैसे अहम मुद्दे शामिल हैं। इजरायल का कहना है कि उसके हमले आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए, जबकि फलस्तीनी पक्ष का आरोप है कि नागरिक इलाकों पर हमला किया गया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र