सावन में बनाएं शिव भक्ति की रील और जीतें 3 लाख रुपये, बिहार सरकार ने कंटेंट क्रिएटर्स के लिए शुरू की खास प्रतियोगिता
पटना: सावन के महीने में बिहार के प्रसिद्ध शिवालयों और श्रावणी मेले की भव्यता को सोशल मीडिया के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए पर्यटन विभाग ने कंटेंट क्रिएटर्स को बड़ा मौका दिया है। विभाग की ओर से श्रावणी मेला और भगवान शिव की आराधना से जुड़े बेहतर वीडियो कंटेंट तैयार करने वाले क्रिएटर्स को पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले वीडियो क्रिएटर को तीन लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
श्रावणी मेला और शिव आराधना पर बनाना होगा कंटेंट
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को बिहार में आयोजित होने वाले सावन मेले और भगवान शिव की पूजा-अर्चना से जुड़ा वीडियो कंटेंट तैयार करना होगा। इसका उद्देश्य बिहार की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को सोशल मीडिया के माध्यम से देश और दुनिया तक पहुंचाना है।
पर्यटन विभाग की इस पहल को लेकर सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाने वाले युवाओं में भी खासा उत्साह है। कई सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के इच्छुक हैं और सावन के दौरान बिहार के प्रमुख धार्मिक स्थलों की गतिविधियों को अपने कैमरे में कैद करने की तैयारी कर रहे हैं।
गरीबनाथ मंदिर से सुल्तानगंज तक दिखेगा भक्ति का रंग
सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स के मुताबिक, वे हर साल सावन के दौरान बिहार के प्रमुख शिवालयों और श्रावणी मेले से जुड़े दृश्यों को रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। मुजफ्फरपुर के गरीबनाथ मंदिर, भागलपुर के सुल्तानगंज और सोनपुर के हरिहरनाथ मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़, कांवरियों की यात्रा और धार्मिक माहौल से जुड़े वीडियो लगातार बनाए जाते हैं।
इस बार पर्यटन विभाग की ओर से इन्हीं गतिविधियों और भगवान शिव की आराधना पर बेहतर वीडियो तैयार करने वाले क्रिएटर्स को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा ने इस काम को लेकर उनका उत्साह और बढ़ा दिया है।
पहले स्थान पर आने वाले क्रिएटर को 3 लाख रुपये
पर्यटन विभाग की प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले वीडियो क्रिएटर को तीन लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। हालांकि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए एक जरूरी शर्त भी रखी गई है। प्रतिभागी के सोशल मीडिया मंच पर कम से कम 25 हजार फॉलोअर्स होना अनिवार्य है।
