नीतीश कुमार आज लेंगे राज्यसभा सांसद की शपथ, दिल्ली में 12:15 बजे होगा समारोह; पीएम मोदी से मुलाकात की संभावना

nitish-1775794813

नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज दिल्ली में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 12:15 बजे राज्यसभा सांसद की शपथ लेंगे, जिसके लिए संसद परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

शपथ के बाद पीएम मोदी से मुलाकात संभव

सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण के बाद नीतीश कुमार की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात भी हो सकती है। इस दौरान जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह और संजय झा भी मौजूद रह सकते हैं। इस मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।

बिहार में सत्ता बदलाव की अटकलें तेज

इधर, दिल्ली में बिहार बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक में राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला होने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि 15 अप्रैल तक बिहार में नए मुख्यमंत्री की ताजपोशी हो सकती है।

दो दशक बाद केंद्र की राजनीति में वापसी

हाल ही में नीतीश कुमार ने विधान परिषद (एमएलसी) पद से इस्तीफा देकर संकेत दिया था कि राज्य में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। नीतीश कुमार वर्ष 2005 से लगातार बिहार के मुख्यमंत्री पद पर (बीच में कुछ समय को छोड़कर) बने हुए थे। अब वे लगभग दो दशक बाद केंद्र की राजनीति में वापसी कर रहे हैं।

‘20 साल बिहार में रहा, अब दिल्ली में काम करूंगा’

दिल्ली पहुंचने के बाद नीतीश कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि वे लंबे समय तक बिहार में कार्य कर चुके हैं और अब दिल्ली में काम करेंगे। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में सत्ता परिवर्तन की चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

NDA में एकजुटता का दावा

बिहार सरकार में मंत्री विजय चौधरी ने कहा है कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और नीतीश कुमार के शासन मॉडल को आगे बढ़ाने के लिए सभी सहयोगी दल साथ हैं। वहीं, राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर राज्य में सस्पेंस लगातार बना हुआ है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र